लखनऊ: एनबीआरआई के रिटायर्ड कर्मी का कार में मिला शव, पुलिस ने फारेंसिक टीम की मदद से शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। हजरतगंज के डालीबाग स्थित गन्ना संस्थान के पास गुरुवार को कार की पिछली सीट पर एनबीआरआई के रिटायर्ड लैब टेक्निशियन मनोज कुमार श्रीवास्तव (60) का शव पड़ा मिला। परिजनों ने गुडंबा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस सर्विलांस से ट्रैस कर मौके पर पहुंची। फारेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

इंस्पेक्टर गुडंबा नीतिश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मनोज कुमार श्रीवास्तव कुर्सी रोड स्थित गायत्रीपुरम में परिवार सहित रहते थे। छोटे भाई अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि रिटायर्ड होने के बाद भी वह कार्यालय से जुड़े थे। रोजाना की तरह बुधवार सुबह 10 बजे घर से आफिस के लिए निकल थे। शाम साढ़े सात बजे तक घर नहीं पहुंचे तो पत्नी सुषमा श्रीवास्तव ने आफिस में संपर्क किया। वहां से दोपहर 2 बजे काम होने की बात कहकर घर निकलने की जानकारी मिली। 

फोन मिलाने पर कोई जवाब नहीं मिला। परिजनों ने तलाश शुरू की और गुडंबा थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई। इंस्पेक्टर ने बताया कि सर्विलांस टीम की मदद से गन्ना संस्थान पहुंचे। जहां कार में शव मिला। इनका बेटा हर्ष चंद्रा कनाडा में है। पुलिस ने कार का दरवाजा खोला तो स्टार्ट मिली। पिछली सीट पर मनोज का शव पड़ा था। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। कार में शराब की बोतल मिली। उनकी अंगूठी, पर्स के रुपये और सारे दस्तावेज कार में मिले।

सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही पुलिस

कार में शव मिलने की सूचना पर हजरतगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एक टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। परिजन का कहना है कि शव पीछे की सीट पर मिला है। कोई साथ में मौजूद था, क्योंकि गाड़ी वो खुद चलाते थे।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: रियल एस्टेट कंपनी के सीएमडी से पिता-पुत्र ने हड़पे 1.26 करोड़, दूसरे की जमीन को अपना बताकर की जालसाजी

संबंधित समाचार