बरेली: चुनाव कार्य में लापरवाही पर एबीएसए और लेखपाल पर रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दोनों के खिलाफ डीएम के आदेश पर तहसीलदार ने दर्ज कराई रिपोर्ट

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज थाना में एबीएसए अमन गुप्ता और लेखपाल अनिल कुमार के खिलाफ चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। डीएम रविंद्र कुमार के आदेश पर तहसीलदार आशीष कुमार ने दोनों रिपोर्ट दर्ज कराई। दोनों पर आरोप है कि राजेंद्र प्रसाद इंटर कॉलेज पोलिंग सेंटर पर मतदाताओं के लिए कोई भी सूचना अंकित नहीं की गई। इसकी वजह से चुनाव में मतदाताओं को काफी असुविधा होगी।

लोकसभा चुनाव में बरेली की मीरगंज विधानसभा में सात मई को मतदान है। इसके लिए मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों को चिह्नित कर जानकारी लिखी जा रही है। इसकी सूचना मतदाताओं को भेजी जा रही है, जिससे वह मतदान के दिन वहां पहुंचकर अपना वोट डाल सकें। डीएम ने इस संबंध में 9 मार्च को एबीएसए मीरगंज और सभी लेखपालों को निर्देश दिए थे लेकिन इसके बाद भी मीरगंज के राजेन्द्र प्रसाद इंटर कालेज मतदेय स्थल के बाहर कोई सूचना नहीं लिखी गई। इसी के साथ कुछ बूथ में एएमएफ (मतदाता केंद्र पर न्यूनतम सुविधा) संबंधी कई अन्य व्यवस्थाओं में भी कमियां थी। एसडीएम ने गुरुवार को निरीक्षण के दौरान दोनों की लापरवाही पकड़ी। इसके बाद डीएम के आदेश पर तहसीलदार ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

उन्होंने राजेंद्र प्रसाद इंटर कॉलेज के मेन गेट से लेकर अंदर कई जगह सूचनाएं अंकित कराई थीं। जिसके फोटोग्राफ तहसील के ग्रुप पर भी डाले गए थे। यदि कोई कमी थी तो उसे पहले बताया जाता कमियों में सुधार किया जाता। एक दम से कार्रवाई कर दी गई - अनिल कुमार लेखपाल, कस्बा मीरगंज।

मेरा स्थानांतरण बुलंदशहर हो गया और 11 मार्च को मीरगंज से रिलीव भी हो गया। तौसीफ अहमद को 11 तारीख से ही चार्ज दे दिया गया था। उसके 4-5 दिन बाद राजेश कुमार को तैनाती दी गई है। डीएम के निर्देश मुझे प्राप्त नहीं कराए गए थे - अमन गुप्ता, तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी।

ये भी पढ़ें- बरेली: मौलाना तौकीर रजा पर NSA और गैंगस्टर लगाने लगाने की मांग

संबंधित समाचार