Kannauj: इत्रनगरी की बेटी ने भारत को दिलाया कांस्य पदक; एशियन लॉन बॉल्स में मेडल जीतकर देश का नाम किया रोशन
कन्नौज, अमृत विचार। इत्रनगरी की बेटी ने भारत को कांस्य पदक दिलाकर पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है। 15वीं एशियन लॉन बॉल्स प्रतिस्पर्धा में मनु पाल से कांस्य जीतकर मान बढ़ाया है।
नगर के मोहल्ला भैनपुरा निवासी लान बाल्स खिलाड़ी मनु पाल ने अंडर 25 आयुवर्ग में 15वीं एशियन लान बाल्स चैंपियनशिप थाईलैंड में सहभागिता की। इसका आयोजन तीन से दस मार्च तक थाईलैंड के पटाया में किया गया। इस चैंपियनशिप में 13 एशियाई देश इंडिया, श्रीलंका, मकाउ, फिलीपींस, थाईलैंड, हांगकांग, चीन, सिंगापुर, जापान, कोरिया, ईरान, ब्रूनेई, दारुस्सलाम ने प्रतिभाग किया।
मनु को वुमेन फोर्स में कांस्य पदक मिला है। इस सफलता की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई, तो ख़ुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने पिता रामनारायन पाल व मां हरिप्यारी देवी को बधाई दी। कांस्य पदक जीतने के बाद मनु पाल दूरभाष पर बताया कि आगे भी देश का नाम इसी प्रकार सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
