संभल: 50 हजार में बेचकर पिता ने नाबालिग बेटी को वेश्यावृति के दलदल में धकेला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/बहजोई,अमृत विचार। कलयुगी पिता ने 17 साल की नाबालिग बेटी को 50 हजार में बेचकर वेश्यावृति के दलदल में धकेल दिया। दिल्ली के जीबी रोड पर कई माह तक उसका शरीर नोचा जाता रहा। फुफेरे भाई से मदद की गुहार लगाई तो उसने जीबी रोड से निकालकर दूसरी जगह बेच दिया। इस दौरान नाबालिग गर्भवती भी हो गई।

पांच माह बाद किसी तरह वेश्यावृति के दलदल से निकलकर भागी तो मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर बेहोश पड़ी मिली। किशोरी अब संभल की बाल कल्याण समिति के संरक्षण में है। उसके पिता व भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

संभल जनपद वन स्टाप सेंटर में रह रही किशोरी की कहानी बेहद दर्द भरी है। नखासा थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली 17 साल की नाबालिग किशोरी के साथ पिता ने जो किया उसे याद करके किशोरी कांप उठती है । पीड़ित किशोरी का कहना है कि  पांच माह पहले पिता ने उसे दिल्ली ले जाकर 50 हजार रूपये में बेच दिया।

तो उसे जीबी रोड पर ले जाकर पर वेश्यावृत्ति के धंधे में धकेल दिया गया। दिल्ली में उसकी मुलाकात वहां रहकर नौकरी करने वाले फुफेरे भाई से हुई तो अपनी कहानी बताकर उसने भाई से मदद मांगी। फुफेरे भाई ने किशोरी को वहां से तो निकाल दिया लेकिन ले जाकर दूसरी जगह बेच दिया। वहां पर किशोरी गर्भवती हो गई।

20 मार्च को किशोरी किसी तरह दलदल से निकलकर भाग निकली। उसने दिल्ली के रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ी और मुरादाबाद पहुंच गई। 21 मार्च की सुबह मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को किशोरी बेहोश हालत में मिली। बताया गया कि गर्भपात की टैबलेट खिलाने की वजह से किशोरी की हालत बिगड़ी गई थी। हालत गंभीर होने पर  उसे जिला अस्पताल मुरादाबाद में भर्ती कराया गया। 

बाल कल्याण समिति ने दिया किशोरी को सहारा
बहजोई। जिला अस्पताल में इलाज के बाद पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति मुरादाबाद को सौंपा। जहां कार्य करने वाली गैर लाभकारी संस्था फ्रीडम फर्म की संचालिका अंजना ने 22 मार्च की शाम को किशोरी को संभल की बाल कल्याण समिति को सौंप दिया।

 समिति के सदस्य गौरव गुप्ता ने बताया कि किशोरी की काउंसलिंग की गई तो उसने बताया कि पांच महीने पहले उसे दिल्ली में ले जाकर उसके पिता ने बेचा था। जहां उससे वेश्यावृत्ति कराई गई। संबंध में बहजोई में संचालित एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट थाने में रिपोर्ट की गई है। पिता के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।

बाल कल्याण समिति की ओर से शिकायत मिली है। इस संबंध में आरोपित पिता के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इस संबंध में जो भी लोग दोषी होंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।---दीपक तिवारी, सीओ, बहजोई

संबंधित समाचार