Video अयोध्या: अधिवक्ताओं ने एडीओ पंचायत को दौड़ाया, एसडीएम कार्यालय में छिपकर बचाई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्टांप विक्रेता और एडीओ पंचायत की बाइक में टक्कर के बाद हुआ बवाल 

मिल्कीपुर/अयोध्या, अमृत विचार। मिल्कीपुर तहसील परिसर स्थित सीसी रोड पर एडीओ पंचायत मिल्कीपुर एवं स्टांप विक्रेता की बाइकों में टक्कर हो गई। इसके बाद गुस्साए एडीओ पंचायत ने अपने सहकर्मी के साथ मिलकर स्टांप विक्रेता उदयराज यादव की जमकर पिटाई कर दी। बस वकील भड़क उठे और सहायक विकास अधिकारी को धुन डाला। किसी तरह एडीओ पंचायत एसडीएम के अहलमद कक्ष में छुप कर अंदर से लॉक लगा लिया। इसके बाद नाराज अधिवक्ताओं ने एसडीएम कार्यालय कक्ष घेर लिया और शोर शराबा शुरू कर दिया। 
    
मामले की जानकारी पाकर इनायतनगर इंस्पेक्टर निरीक्षक संदीप कुमार सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम राजीव रतन सिंह सहित क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नाराज व आक्रोशित वकीलों को समझा बुझाकर शांत कराया।  शनिवार को करीब 11 बजे सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुरेंद्र कुमार राव अपने सहकर्मी एडीओ एजी रामसहाय गौतम के साथ बाइक से एसडीएम कार्यालय जा रहे थे। वह पुराने ट्रेजरी ऑफिस के पास पहुंचे थे कि बगल से अधिवक्ता भवन को जाने वाले सीसी मार्ग से आ रहे स्टांप विक्रेता उदय राज यादव की बाइक आपस में टकरा गए। इसके बाद गुस्साए सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुरेंद्र कुमार राव ने स्टांप विक्रेता की पिटाई शुरू कर दी। यह देख तहसील में मौजूद अधिवक्ता भारी संख्या में पहुंच गए और वह पंचायत कर्मी पर बिफर पड़े तथा पीटना शुरू कर दिया। हालांकि मौके की नजाकत समझते हुए एडीओ पंचायत एसडीएम कार्यालय में जाकर छुप गए। 

उधर गुस्साए अधिवक्ता कार्यालय में छिपे पंचायत कर्मी को बाहर निकालने की जिद पर अड़ गए। प्रशासनिक अधिकारियों एवं भारी पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचने के बाद मामला शांत हो सका और पुलिस ने स्टांप विक्रेता सहित पंचायत कर्मियों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष से कोई भी तहरीर नहीं मिली है।

ये भी पढ़ें -Video: जौनपुर में पलटी स्कूल बस, चार बच्चे घायल

संबंधित समाचार