प्रतापगढ़: अगवा किशोरी स्वयं पहुंची थाने, पुलिस कस्टडी में आते ही फिर भागी, जानिए मामला?
किशोरी की तलाश में लगाई गई पुलिस
प्रतापगढ़ अमृत विचार। कोहड़ौर थाना क्षेत्र से गायब एक किशोरी पुलिस के सक्रिय होने पर के स्वयं ही थाने पहुंची। मेडिकल जांच के लिए पुलिस मेडिकल कॉलेज ले गई तो वह फिर से भाग निकली। हालांकि पुलिस के अलावा किशोरी के परिजन भी मौजूद रहे।
16 मार्च की शाम किशोरी अपने घर से गायब हुई तो पिता ने पड़ोस गांव की उसकी सहेली के पुणे में रहने वाले भाई पर भगाने का आरोप लगाया। सहेली के घर जाने पर उसकी मां ने धमकी दी। किशोरी के पिता ने सहेली, उसकी मां और भाई पिंटू यादव पर अगवा करने का केस दर्ज कराया।
पुलिस ने घर पर छापामारी की तो पुणे में रहने वाले पिंटू को भी जानकारी हुई, तब तक किशोरी अकेले ही पुणे पहुंच गई थी। पिंटू उसे वापस ले आया और शुक्रवार को अकेले थाने भेज दिया। किशोरी अपनी मर्जी से पिंटू के पास जाने व उसी से शादी करने की जिद पर अड़ गई।
हालांकि अगवा का केस दर्ज होने के कारण पुलिस उसका मेडिकल और कोर्ट में बयान कराने के लिए ले आई। साथ में थाने के एसआई राजेश कुमार, सिपाही हिना दुबे व किशोरी के माता पिता भी मौजूद रहे।मेडिकल के दौरान किशोरी पुलिस कर्मियों के साथ ही माता पिता को चकमा देकर फरार हो गई। पुलिस कर्मी उसकी तलाश करते रहे लेकिन किसी को जानकारी नहीं होने दी।
अगले दिन शनिवार को अगवा के आरोपी युवक के रिश्तेदारों को हिरासत में लिया तो लोगों को किशोरी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की जानकारी मिली। एसओ कोहड़ौर प्रीती कटियार ने बताया कि मेडिकल और बयान के दौरान पुलिस के साथ ही उसके माता पिता भी गए थे। बयान से पहले माता पिता उससे बात कर रहे थे। तभी वह भाग निकली।
किशोरी की बरामदगी के लिए टीम गठित की गई है। मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।
शिव नारायण वैश, सीओ सिटी
