Lok Sabha 2024: कानपुर के रण में कांग्रेस से आलोक मिश्रा...अब हर किसी की निगाह भाजपा के उम्मीदवार पर टिकट
कानपुर के रण में कांग्रेस से आलोक मिश्रा
कानपुर, अमृत विचार। कांग्रेस ने कानपुर संसदीय सीट पर आलोक मिश्रा का नाम घोषित कर दिया है, जबकि भाजपा अभी इस सीट पर अपने चेहरे को लेकर असमंजस की स्थिति में है। आलोक टिकट मिलने को लेकर पहले से ही आश्वस्त थे क्योंकि उन्होंने जनता के बीच किए जा रहे सामाजिक कार्यों का रिपोर्ट कार्ड पहले ही हाईकमान तक पहुंचा दिया था।
चाहे वह शहर के लोगों को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने का अभियान हो या फिर मोहल्लों में चौपाल लगाकर जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कराने की मुहिम। शनिवार देर रात टिकट घोषित होते ही न सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल दिखा बल्कि इंडिया गठबंधन की प्रमुख सहयोगी समाजवादी पार्टी के विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी सोशल मीडिया पर आलोक को बधाई देनी शुरू की।
कांग्रेस में वैसे तो टिकट के कई दावेदार थे, लेकिन आलोक मिश्रा खुद के टिकट को लेकर काफी आश्वस्त थे। यही वजह है कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और जनता के दर्द को बांटने में भी जुटे रहे। ऑनलाइन कारोबार से दुखी व्यापारियों के समर्थन भी वे उतरे तो महंगाई को लगातार आंदोलनों में उन्होंने हिस्सा लिया। अब पार्टी ने टिकट दे दिया है तो आलोक ने लिस्ट आते ही अपनों को फोन कर कमर कस लेने का संदेश दे दिया।
पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा: आलोक
आलोक मिश्रा ने कहा कि पार्टी ने भरोसा जताया है। ऐसे में मतदाताओं के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा। गठबंधन की सहयोगी पार्टियों के प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी का सहयोग मिल रहा है। ऐसा महसूस किया है कि सहयोगी दल के कार्यकर्ता भी खुद को ही उम्मीदवार मानकर चुनाव लड़ रहे हैं। यही कार्यकर्ताओं की मेहनत हमारी जीत का आधार बनेगी। वैसे भी मतदाता डीजल, पेट्रोल , रसोई गैस की महंगाई से त्रस्त हैं। आज बेरोजगारी चरम पर है। छात्र, युवा भटक रहे हैं। उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है।
ये भी पढ़ें- Unnao News: फाल्गुन पूर्णिमा पर हर हर गंगे के उद्घोष से गूंज उठे गंगा तट...घरों में लोगों ने सुनी सत्यनारायाण की कथा
