बरेली: प्रेमिका के चक्कर में पत्नी को दिया तीन तलाक, पति समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR
बरेली, अमृत विचार: प्रेमिका से शादी करने के लिए बीवी को तीन तलाक दे दिया। एसएसपी के आदेश पर थाना बारादरी में पति समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ससुराल वालों पर दहेज में कार और फ्लैट भी मांगने का आरोप है।
नवादा शेखान में रहने वाली सोहेला ने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया था कि उनका निकाह 14 अप्रैल 2013 को कानपुर के अजीतगंज कॉलोनी में रहने वाले मोहम्मद नवाज के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल वाले दहेज में लग्जरी कार और फ्लैट की मांग करने लगे। इन्कार करने पर उन्हें मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद कई बार पंचायत हुईं, लेकिन पति और ससुराल वाले नहीं माने।
इसी बीच नवाज के एक दूसरे समुदाय की युवती से अवैध संबंध हो गए। उसने उनके जेवर भी उसे दे दिए। इसके बाद 20 मार्च 2024 को पति ने घर आकर उनके साथ मारपीट की और तीन तलाक दे दिया। उनकी मां के 18500 रुपये और सोने की अंगूठी भी ले गया। बारादरी पुलिस ने सोहेला के पति मोहम्मद नवाज, सास आसमां बेगम, ससुर इश्तियाक अहमद, ननद राफिया, खातून, हबीबा, नंदोई मोहसिन, आफरान, कामिल और देवर मोहम्मद शादाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
यह भी पढ़ें- यात्रियों के लिए खुशखबरी, बरेली सिटी से काशीपुर के बीच चलेगी मेमू ट्रेन
