Triple Talaq: नशे में पति ने पत्नी से की दहेज की मांग...मना करने पर बोला-तलाक-तलाक-तलाक, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में पति ने पत्नी को तलाक देकर घर से निकाला

कानपुर, अमृत विचार। बेकनगंज थानाक्षेत्र में दहेज की मांग न पूरी होने पर महिला ने ससुरालीजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला ने पति पर नशे में तीन तलाक बोलकर घर से निकाल देने का गंभीर आरोप लगाया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर पति समेत अन्य पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

राजा मार्केट इफ्तिखाराबाद निवासी सहरिश एजाज का निकाह 15 नवंबर 2019 को एबी नगर उन्नाव निवासी शहाबुद्दीन उर्फ उरूज अहमद से हुआ था। सहरिश की दर्ज रिपोर्ट के अनुसार शादी में पिता ने 28 तोला सोना, एक किलो चांदी के जेवरात के अलावा एक सेवन सीटर कार,बाइक और एक स्कूटी दी थी।

शादी में 60 लाख रुपये खर्च किए गए। ससुराल आने के बाद सहरिश को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। उससे पति व अन्य ससुराल वालों ने दस लाख की मांग की। मारपीट की पंचायत बैठी और आठ अगस्त 2021 को पीड़िता के पिता ने दस लाख रुपये दिए। इससे पूर्व 21 अगस्त 2020 को सहरिश ने एक पुत्र को जन्म दिया।

सहरिश के अनुसार दस लाख मिलने के बाद भी ससुराल वालों की प्रताड़ना कम नहीं हुई और अतिरिक्त पांच लाख की मांग करने लगे। मांग न पूरी होने पर शराब के नशे में पति ने 11 दिसंबर 2023 को तीन तलाक बोलकर बेटे और सहरिश को घर से बाहर निकाल दिया। उसने बेकनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई मगर नहीं सुनी गई। तब पुलिस कमिश्नर के यहां पेश हुई।

इस संबंध में इंस्पेक्टर बेकनगंज पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति शहाबुद्दीन, ससुर मुबीन अहमद, सास बहार, जेठ तस्कीन, ननदें शगुफ्ता, शाईस्ता और सना के खिलाफ प्रताड़ना, मारपीट, जान से मारने की धमकी देना, दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 व 4 और मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा) अधिनियम की धारा चार में एफआईआर दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha 2024: BJP से टिकट मिलने पर पहली बार शहर पहुंचे रमेश अवस्थी...स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं की जुटी भीड़

संबंधित समाचार