रायबरेली: स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर!, चिकित्सक ने मृत महिला को CHC से जिला अस्पताल कर दिया रेफर
रायबरेली। रायबरेली में स्वास्थ्य महकमे की लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। लापरवाही इतनी बड़ी कि मृत महिला को ही चिकित्सक ने इलाज के लिए सीएचसी से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने पर्चा देखते ही मृत बता दिया।
वहीं सीएचसी से जिस तरीके की लापरवाही हुई उसको लेकर मृतक के परिजनों ने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। भदोखर थाना क्षेत्र के पूरे मतौली निवासी महादेव की पत्नी शिवकली काफी समय से बीमार थी। शनिवार को उसकी हालत ज्यादा गम्भीर हुई तो परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलाभेला लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सक ने लापरवाही की हदों को पार करते हुए मरीज को भी नहीं देखा और उसे मृत बताते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सक ने जैसे ही मरीज को देखा तो उन्होंने तुरंत उसे मृत् घोषित करार दिया। सरकारी अस्पतालों में बेहतर सुविधा का दंभ भरने वाली सरकार में मरीजो के साथ किस तरीके से खिलवाड़ हो रहा है अब किसी से छिपा नही है। इस घटना ने स्वास्थ्य महकमें की सारी पोल खोल कर रख दिया है।
मृतक के परिजन अजय ने बताया कि वह जब अस्पताल गए तो चिकित्सक ने बिना देखे ही मृत बता दिया फिर जिला अस्पताल रेफर किया था। वही सीएमओ बीरेंद्र सिंह ने बताया कि ऐसा नही होगा कई बार तीमारदार बवाल कर देते है जिसकी वजह से संतुष्ट करने के लिए किया होगा। फिलहाल जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें: अयोध्या: दुष्कर्मी युवक को कोर्ट ने सुनाई 10 साल कैद की सजा, लगाया अर्थदंड
