हरदोई: मारपीट में घायल जख्मी युवक की मौत, दरवाजा रखने को लेकर हुआ था विवाद
हरदोई। गलत तरीके से दरवाजा रखे जाने पर किए गए विरोध पर घर में घुस कर चाचा-भतीजे के ऊपर हमला कर दिया गया था। जिसमें सिर में गहरी चोंट पहुंचने से जख्मी हुए चाचा की लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी तीसरे दिन मौत हो गई। बताया गया है कि बुधवार को कोतवाली शहर के कुतुआपुर में जयराम, तौले, इच्छाराम व मंशाराम गलत तरीके से दरवाज़ा रख रहे थे।
उसी पर मनोज कुमार पुत्र नन्हेलाल ने विरोध किया, उसके विरोध करने से तिलमिलाए उन लोगों ने मनोज के घर में घुस कर उसके भाई सुदेश व पुत्र सुरजीत के अलावा पल्लवी व मीना को बड़ी बुरी तरह से पीट दिया। सुदेश के सिर में काफी चोंट आई,उसे मेडिकल कालेज से लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रिफर कर दिया गया था। पुलिस ने धारा 323/504/506 के तहत केस दर्ज किया,उसकी जांच एसआई राधेश्याम सिंह को सौंपी गई है। उधर सुदेश की शुक्रवार को तीसरे दिन ट्रामा सेंटर में मौत हो गई।
हमला करने के दूसरे दिन फिर बोला हमला, ज़ेवर और रुपये छीने
कुतुआपुर के मनोज कुमार की पत्नी सुदामा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि कोई कार्रवाई न होने से हमलावरों का हौसला इतना बढ़ गया कि अगले दिन गुरुवार को श्यामा कुमार,परशुराम, मायाराम व गजराज ने घर में घुस कर उसकी पिटाई करते हुए कानों के कुंडल, मंगलसूत्र छीन लिया और बक्से का ताला तोड़ कर उसमें से 1760 रुपये निकाल लिए। इतना ही नही भाभी सुदामा को बचाने दौड़े उसके देवर अजय व देवेश को बुरी तरह से पीट दिया और जानमाल की धमकी देते हुए भाग निकले।
