Kanpur Suicide: जिंदगी से हारकर तीन ने चुनी मौत...कोई व्यापार में घाटे तो किसी ने अवसादग्रस्त होकर उठाया कदम
कानपुर में अलग-अलग कारणों से तीन लोगों ने फांसी लगाकर दी जान
कानपुर, अमृत विचार। अलग-अलग कारणों से शहर में तीन लोगों ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बर्रा थानाक्षेत्र में एक युवक ने व्यापार में नुकसान होने व दूसरे ने पत्नी के वापस न आने से अवसादग्रस्त होकर आत्महत्या की। तीसरी घटना हरवंश मोहाल थानाक्षेत्र में हुई, जहां युवक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगा कर जान दे दी।
बर्रा छह निवासी गुलकंद कारोबारी गोविंद मिश्रा (35) की वर्ष 2016 में हमीरपुर निवासी मंजू से शादी हुई थी। गोविंद के पिता ब्रह्मस्वरुप ने बताया कि उनकी की कोई संतान नहीं थी। बीते जनवरी माह में बहू मंजू मायके गई थी, कई बार बुलाने के बावजूद वह लौट कर नहीं आई। जिस पर बेटा अवसादग्रस्त रहता था।
शनिवार रात गोविंद ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो गोविंद का शव फंदे से लटक रहा था। परिजनों की सूचना पर बर्रा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भिजवाया।
वहीं बर्रा सात निवासी लोहा व्यापारी विजय कुमार विश्वकर्मा ने व्यापार में नुकसान होने के चलते अवसादग्रस्त होकर फांसी लगा ली। भाई अजय ने बताया कि विजय पत्नी अंजू व बेटे अभिजीत, अतुल के साथ रहते थे। कोरोना महामारी के बाद से उनके व्यापार में काफी नुकसान हो गया था। जिस कारण वह तनावग्रस्त रहते थे। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे विजय ने कमरे में गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी ने शव लटकता देख परिजनों को सूचना दी।
तीसरी घटना हरवंश मोहाल थानाक्षेत्र में हुई। मथुरी मोहाल निवासी खजांची लाल ने बताया कि उनका बेटा पंकज गुप्ता (35) का कात्री धर्मशाला के पास चाय का होटल है। बहू सलोनी दो बच्चों विराट व परी को लेकर गोंडा स्थित मायके गई हुई थी। शनिवार शाम पंकज ने फांसी लगा कर जान दे दी। घर पहुंचने पर खजांची को घटना की जानकारी हुई, जिस पर उन्होंने हरवंश मोहाल पुलिस को सूचना दी। हरवंश मोहाल थाना प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
ये भी पढ़ें- कानपुर में धर्म परिवर्तन को जा रहे थे 100 से ज्यादा लोग; पुलिस ने पकड़ा, इस तरह धर्मांतरण का दिया था झांसा...
