Kannauj: अखिलेश यादव ने प्रत्याशी का नहीं किया ऐलान...बोले- ‘सरकार ने जानबूझ कर नौ बार पेपर लीक कराए’
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, जनता भाजपाइयों की विदाई धूमधाम से करेगी
कन्नौज, अमृत विचार। सपा कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव महंगाई व बेरोजगारी पर खूब हमलावर रहे। कहा, भाजपा सरकार में जानबूझ कर नौ बार नौकरियों के पेपर लीक कराए गए। इसमें सत्ताधारी लोग शामिल हैं। पुलिस भर्ती का पेपर लीक होने से करीब सात लाख परिवार प्रभावित हुए हैं। इन सब वजह से जनता भाजपा की विदाई धूमधाम से करेगी।
सपा मुखिया ने कन्नौज के बृजेश पाल द्वारा कुछ महीने पहले शैक्षिक अभिलेख जलाकर सुसाइड करने का मामला भी उठाया। कहा, सरकार के लिए इससे शर्म की बात और क्या होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसा कि योग करते हुए उनके पैर लड़खड़ा रहे हैं। जर्मनी में गांजा फ्री मिलने का भी जिक्र किया, कहा कार्यकर्ता अखबार पढ़ा करें।
पूर्व मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि यूपी में जगह-जगह गांजा खूब पकड़ा जा रहा है, लेकिन यह जा कहां रहा है कोई नहीं बता रहा। पीडीए व एनडीए गठबंधन का भी जिक्र उन्होंने किया। कहा, जब कोई ब्रांड लोकप्रिय हो जाता है तो लोग डुप्लीकेट भी बना लेते हैं। इससे सपा कार्यकर्ता व जनता सावधान रहे। कहा कि यूपी में 80 सीटों पर भाजपा हारने जा रही है। किसान व युवा बीजेपी के खिलाफ वोट करने जा रहा है।
प्रत्याशी का नहीं किया एलान, नवरात्र के आसपास संभव
चर्चा थी कि कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने आ रहे पूर्व मुख्यमंत्री कन्नौज लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी का एलान कर अटकलों को विराम देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इशारों-इशारों में उन्होंने खुद के ही चुनाव लड़ने और नवरात्र में ही घोषणा करने की बात कही। सपा मुखिया अखिलेश यादव जब मंच से कार्यकर्ताओं में पार्टी के प्रत्याशी को जिताने का आह्वान कर रहे थे तो कुछ कार्यकर्ता उम्मीदवार के नाम की घोषणा करने की मांग करने लगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब कोई कोई शुभ काम किया जाता है तो मुहूर्त भी शुभ होना चाहिए।
नवरात्र में इसका एलान होगा। इसके बाद जब कार्यालय में पत्रकारों ने प्रत्याशी को लेकर पूछा तो उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। कहा, कि आप लोगों को अब भी दिखाई नहीं दे रहा है कि प्रत्याशी कौन होगा। कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में नामांकन प्रक्रिया 18 अप्रैल से शुरू होगी। माना जा रहा है कि इसी दौरान सपा मुखिया ही अचानक पर्चा भर सकते हैं।
ये भी पढ़ें- कन्नौज में अखिलेश यादव BJP पर गरजे, बोले- ED, CBI व इनकम टैक्स विभाग से वसूली करा रही केंद्र सरकार
