कन्नौज में अखिलेश यादव BJP पर गरजे, बोले- ED, CBI व इनकम टैक्स विभाग से वसूली करा रही केंद्र सरकार

कन्नौज में अखिलेश यादव बीजेपी पर गरजे

कन्नौज में अखिलेश यादव BJP पर गरजे, बोले- ED, CBI व इनकम टैक्स विभाग से वसूली करा रही केंद्र सरकार

कन्नौज, अमृत विचार। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष/ पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि निशुल्क राशन देकर भाजपा सरकार जनता के सभी अधिकार छीन रही है। ईडी, सीबीआई व इनकम टैक्स विभाग के जरिए सरकार वसूली करा रही है। इसके अलावा चुनावी चंदा के नाम पर भाजपा ने सबसे अधिक आठ हजार करोड़ रुपये की वसूली की है। 

मंगलवार को दोपहर सपा के जिला कार्यालय पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कन्नौज, छिबरामऊ व तिर्वा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली की सरकार के 10 और उत्तर प्रदेश के सात वर्ष पूरे हो गए हैं, लेकिन कोई बदलाव नहीं दिखाई दे रहा है। जो विकास कार्य होने चाहिए थे, लेकिन हुए। उन्होंने कहा कि बीजेपी दुनिया की नहीं बल्कि ब्रह्मांड की झूठी पार्टी है। 10 साल में केंद्र सरकार के इतने झूठ हैं कि गिना नहीं पाऊंगा। 

सपा मुखिया ने यह भी कहा कि ऐसी वसूली कभी नहीं देखी गई जो वर्तमान में पुलिस ने की है। भाजपा के लोग अंग्रेजी में जीरो टॉलरेंस इसलिए बोलते हैं कि गरीब लोग इसका मतलब न समझ सकें। उन्होंने मंच से सवाल दागे कि बुलंदशहर में डबल मर्डर, गाड़ी पलट जाने के बाद हत्या करना, जेल में जहर देना, तालग्राम में दंगे की साजिश व सपाइयों को फंसाना क्या ही जीरो टॉलरेंस नीति है। सपा मुखिया ने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि भाजपा से सभी लोग सावधान रहें। 

प्रधानों से वसूली कर चलाया विकास भारत कार्यक्रम

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ दिनों पहले तक विकास भारत... कार्यक्रम चलाया गया था। यह कार्यक्रम प्रधानों, चेयरमैन से वूसली कर कराया गया। शायद ही कोई ऐसा प्रधान बचा हो, जिससे 20-30 हजार रुपये न लिया गया। उन्होंने कहा कि दूसरों को भ्रष्टाचारी कहने वाले खुद देश को लेटर रहे हैं। इलेक्ट्राल बांड के नाम पर बीजेपी का बैंड बज गया है। इस वसूली की वजह से ही महंगाई बढ़ी है। उन्होंने कहा कि ज्यादा मुनाफा लेना भी भ्रष्टाचार है। केंद्र सरकार डरा-धमकाकर रुपया वसूल रहा है। 

सीएम को जेल भिजवाया, अब दिल्ली में हो रही थू-थू 

भाजपा सरकार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को जेल भेजने का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलश यादव ने कहा कि इन कामों से दिल्ली में भाजपा की थू-थू हो रही है। बीजेपी ने फिर से 400 पार का नारा दिया है, अगर वह जीत रही है तो फिर उसे घबराहट क्यों हो रही है। चंदा वसूली के नाम पर खबरें न चलाने का आरोप लगाकर उन्होंने इलेक्ट्रानिक मीडिया को भी आड़े हाथों लिया। आगे कहा, महंगाई व बेरोजगारी से ध्यान भटकाने के लिए ही केजरीवाल का प्रकरण आगे कर दिया गया।

ये भी पढ़ें- Kannauj: तय समय से डेढ़ घंटे देर से पहुंचे अखिलेश यादव...समर्थकों ने माला पहनाकर किया स्वागत, देखने वालों का उमड़ा हुजूम