रायबरेली: संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला किशोर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
रायबरेली, अमृत विचार। बुधवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में कस्बा खीरों में एक तालाब के किनारे नीम के पेड़ से एक किशोर का शव लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। इस घटना में परिजनों ने अज्ञात लोगों द्वारा किशोर की हत्या कर शव पेड़ से लटका देने की आशंका व्यक्त की है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
कस्बा खीरों निवासी गीता बहेलिया ने बताया कि उसका बेटा अखिलेश कुमार (17) पुत्र स्व० श्यामू बहेलिया मंगलवार की शाम लगभग 6 बजे अचानक घर से गायब हो गया था। देर रात तक खोजबीन की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। बुधवार को सुबह घर से लगभग 500 मीटर दूर महजितिया तालाब की और कस्बावासी शौंच के लिए गए तो उसके बेटे का शव उसी तालाब के किनारे रस्सी के सहारे नीम के पेड़ से लटकता देखा। ग्रामीणों ने परिजनों को घटना की सूचना दी तो परिजनों में कोहराम मच गया। उसने आशंका व्यक्त की है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके बेटे अखिलेश कुमार की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गीता बहेलिया ने बताया कि उसके पति श्यामू बहेलिया की विगत लगभग सात वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। बड़े बेटे आकाश की शादी हो चुकी है। वह अपनी पत्नी रिंकी, बेटी नैना, सुनैना और नैनू के साथ अलग रहता है। बड़ी बेटी रानी की भी शादी हो चुकी है। वह अपनी ससुराल में रहती है। गीता बहेलिया अपनी बेटी रुचि, बेटे विकास और छोटे बेटे मृतक अखिलेश के साथ झोपड़ी में गुजर बसर कर रही थी। वह अपने बेटों के साथ मजदूरी कर परिवार को पालती है। थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर घटना की सत्यता सामने आ जायेगी। जांच की जा रही है। शिकायती पत्र मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
ये भी पढ़ें -Unnao: झाड़ियों में पड़ी थी नवजात बच्ची...रोने की आवाज सुन लोगों ने दी पुलिस को सूचना, जानिए पूरा मामला
