कानपुर: वाहन चेकिंग के दौरान फर्जी आयकर अधिकारी हत्थे चढ़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। वाहन चेकिंग के दौरान कार रोकने पर खुद को आयकर अधिकारी बताना युवक को महंगा पड़ गया। रावतपुर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार रोक कर जांच करनी चाही तो युवक आयकर विभाग का आईडी कार्ड दिखाते हुए पुलिस पर रौंब गांठने लगा। मौके पर मौजूद एसीपी ने उसका पद पूछा तो युवक हड़बड़ा गया, शक होने पर पुलिस ने जांच की तो कार्ड फर्जी निकला। रावतपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।

कल्याणपुर एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि बुधवार शाम वह रावतपुर थाने में तैनात दरोगा करुणा शंकर मिश्र के साथ मसवानपुर चौराहे पर चेकिंग अभियान चला रहे थे। इस दौरान एक काले रंग की कार आते हुए दिखी, जिसकी नंबर प्लेट के ऊपर आयकर विभाग लिखा हुआ था।

साथ ही बीच में अशोक स्तंभ का लोगो भी बना हुआ था। पुलिसकर्मियों ने गाड़ी रोक कर जांच करने का प्रयास किया तो चालक ने आयकर विभाग का आईडी कार्ड दिखाते हुए खुद को आयकर अधिकारी बताया। एसीपी ने बताया कि आयकर विभाग में पद की जानकारी की तो आरोपी युवक सकपका गया, जिसके बाद शक होने पर आईडी कार्ड की जांच की गई, जो फर्जी निकला।

पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम कल्याणपुर महावीरपुरम नई बस्ती निवासी रितेश शर्मा बताया। एसीपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर आईडी कार्ड व कार को जब्त किया गया है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ: कार चालक की गलत ड्राइविंग ने ले ली बच्ची की जान, वारदात के बाद हुआ फरार, घटना CCTV कैमरे में कैद

संबंधित समाचार