Bareilly News: बोतल से बच्चे को दूध पिलाएं तो बरतें सावधानी, ऐसे करें कैविटीज से बचाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ओरल हेल्थ माह के तहत बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेस की ओर से बच्चों के मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है। 

कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सत्यजीत ने बताया कि बच्चों को रात में बोतल में दूध पिलाने के बाद सुला दिया जाता है, लेकिन इससे बच्चों के दांतों में गंभीर कैविटी हो सकती है। बैक्टिरिया दांतों में जमे दूध के साथ मिलकर एसिड बन जाता है। इससे सड़न, कीड़े लगना और कैविटी की समस्या उत्पन्न होती है। 

दूध के दांत अगर खराब हो जाएं तो नए दांत आने के बाद उनका संक्रमण इसमें फैलने का डर रहता है। एक दांत टूटने के बाद भी संक्रमण दूसरे दांतों में रह जाता है। दांतों में परेशानी होने पर दर्द होना आम बात है, लेकिन कई बार अभिभावकों को बच्चे की परेशानी का ठीक से पता नहीं लगता। बच्चे को बोलने में समस्या, तुतला कर बोलना या खाने पीने में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।

ऐसे करें कैविटीज से बचाव
आहार में चीनी कम से कम रखें और बच्चे की बोतल में जूस, सोडा या उच्च चीनी वाले उत्पाद कभी न डालें, दूध पिलाने के बाद शिशु के मसूड़ों को एक साफ, नम कपड़े से धीरे से पोंछें, जब पहला दांत आए तो बच्चों को फ्लोराइड टूथपेस्ट को कम मात्रा में लगाकर धीरे से ब्रश करें, बच्चे को लगातार खाते रहने की आदत से बचाएं, इससे भी दांत खराब होने का खतरा रहता है। एक वर्ष की आयु तक बच्चे के चेकअप के लिए दंत चिकित्सक से मिलें।

ये भी पढे़ं- बरेली: एक या दो नहीं कई तरीके के हैं बाजार में बैंगन, वैरायटी देख चकरा जाएगा सिर 

 

संबंधित समाचार