सुलतानपुर: जानलेवा हमले के आरोपी पुलिस पकड़ से दूर, लखनऊ में चल रहा इलाज
कादीपुर/ सुलतानपुर, अमृत विचार। दो दिन बीत जाने के बाद भी युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। शुक्रवार की शाम क्षेत्र के राई बिगो के अनुपम सिंह एवं कटसारी के विवेक सिंह के बीच कादीपुर सुलतानपुर मार्ग पर स्थित एक ढाबे पर खाना खाने के दौरान मारपीट हुई थी। उसी रात दस बजे कटसारी गांव के भगत सिंह ने अनुपम के भाई अविनाश सिंह को फोन कर सुलह करने के लिए बुलाया और घर से थोड़ी दूर पर ही उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमें वह पूरी तरह से घायल हो गए। उनका ट्रामा सेंटर लखनऊ में इलाज चल रहा है।
घायल के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध नामजद केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित की गई थी, किंतु दो दिन का समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई।
प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने दावा किया है कि पुलिस की टीम आरोपियों तक पहुंच चुकी है। किसी भी समय उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।
ये भी पढ़ें -सुलतानपुर: करंट की चपेट में आए भाजपा नेता की मौत, नवनिर्मित आवास की छत पर डाल रहे थे पानी
