Kannauj Fire: खेत में लगी आग, 10 बीघा गेहूं की फसल हुई राख, फायर बिग्रेड ने पाया काबू
कन्नौज में खेत में आग लग गई
कन्नौज, सौरिख, अमृत विचार। अज्ञात कारणों से गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई लेकिन तब तक किसानों की 10 बीघा फसल जलकर राख हो गई।
खड़नी क्षेत्र के गांव नगरिया ब्राहिमपुर गांव के निकट सोमवार दोपहर 12 बजे के लगभग गेहूं की पकी खड़ी फसल में आग लग गई। जब तक लोग खेतों तक पहुंचे तब तक हवा के चलने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते लगभग 10 बीघा फसल जलकर राख हो गई। लोगों ने वृक्षों की हरी टहनियों के द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। सूचना पाकर ग्राम प्रधान नन्द किशोर वर्मा ,खड़नी चौकी प्रभारी आलोक कुमार व क्षेत्रीय लेखपाल राकेश कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि राजस्व ग्राम ब्राहिम्पुर नगरिया निवासी राम चंद्र पुत्र सुखलाल, बृजेंद्र, राघवेंद्र, योगेन्द्र पुत्रगण स्वर्गीय जश राम, राघवेंद्र कुमार, राकेश कुमार अभिषेक कुमार पुत्रगण स्वर्गीय जगन्नाथ की लगभग दस बीघा गेहूं की फसल जल गई है। आग से हुई हानि की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई है। आग कैसे लगी यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पीड़ितों को मुआवजा दिलवाने हेतु विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: कार में बैठाकर युवक से की लूटपाट...बेहोशी हालत में हाथ-पैर बांधकर खंती में फेंककर हुए फरार
