रामपुर : खाली प्लॉट में मिला अपह्रत बालिका का शव, दोनों पैर कटे देख उड़े होश...पांच लोग पुलिस हिरासत में
सूचना पर पहुंची पुलिस, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जिला अस्पताल, पुलिस ने बच्ची की हत्या के मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया
आरोपियों के घर में छानबीन करती पुलिस।
रामपुर/बिलासपुर/अमृत विचार। बिलासपुर में अपह्वत तीन वर्षीय बालिका का 48 घंटे होने से पहले ही हाथ बंधे व दोनों पैर कटे उसका शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिवार ने बच्ची की निर्मम हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
मामला बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के धावनी हसनपुर गांव का है। मंगलवार सुबह करीब सवा नौ बजे गांव की कुछ महिलाएं खाली प्लॉट पर कूड़ा डालने पहुंची तो, वहां एक बंद कट्टे में पड़े शव को देख उनके होश उड़ गए। शव की शिनाख्त गांव में रविवार की सुबह अपह्वत हुई दानिश की तीन वर्षीया मासूम पुत्री अनायजा नूर के रूप में हुई। सूचना पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। परिजन भी रोते-बिलखते हुए घटनास्थल पर पहुंच गए।
थोड़ी ही देर बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि खोखर व प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। कट्टे में बंद पड़े शव को निकाला और अपने कब्जे में कर लिया। इस दौरान बालिका के दोनों हाथ रास्सी से बंधे थे। दोनों पैर कटे साथ ही चेहरे पर पॉलीथिन ढकी थी। यह मंजर देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवा दिया। उधर पुलिस ने गांव के ही रहने वाले एक ही परिवार के पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बच्ची की हत्या की घटना से फैली दहशत
बच्ची की हत्या होने पर पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के घर के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा थी। घटना के बाद डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम तथा एसपी राजेश द्विवेदी ने घटनास्थल स्थल पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। वही प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि पुलिस ने एक ही परिवार के पांच लोगों को हिरासत में लिया है। प्रेम प्रसंग व तंत्र-मंत्र आदि कई पहलू पर जांच की जा है।
गांव के रहने वाले दानिश ने रविवार रात कोतवाली में तहरीर सौंपकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सवेरे उसकी तीन वर्षीया पुत्री अनायजा नूर घर से कुछ ही दूर दुकान से टाफी के लिए गई थी दोपहर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को उसकी चिंता हुई और उसे आसपास खोजा गया परन्तु 24 घंटे बीतने के बावजूद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। उसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पड़ोस के लोगों पर लगाया आरोप
मृतका अनायजा नूर की मां रफीकन ने आरोप लगाया कि घर से कुछ ही दूरी पर अपने घर में ही परचून की दुकान चलाने वाली एक महिला तंत्र-मंत्र का काम करती थी,इसी के चलते छोटे-छोटे बच्चे उसकी दुकान की ओर भागते थे। लेकिन वह और उसका परिवार यह घिनौना हरकत करेगा उन्हें यह अंदाजा नही था। उसने लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घर की इकलौती बच्ची थी अनायजा नूर
बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। माता पिता का कहना है कि घर का इकलौती अनायजा नूर ही थी। उसको बड़ी अच्छी तरह से पाल रहे थे,तीन साल की बच्ची ने किसी का क्या नुकसान किया था,जो उसको इतनी बुरी तरह से मारा गया है। दिन भर लोगों का घर पर तांता लगा रहा।
बच्ची की निर्मम हत्या मानवता को शर्मशार कर रही : सलीम
भारतीय किसान यूनियन भानु-गुट के जिलाध्यक्ष मोहम्मद सलीम के अनुसार, मृतका मासूम का पिता दानिश उनका साला है। बच्ची के अचानक लापता होने पर वह लगातार अपनी ससुराल पहुंच गए थे। भाकियू नेता ने कहा कि बच्ची की निर्मम हत्या मानवता को शर्मसार कर रही है। मृतका अनायजा नूर के घर से परिजनों ने जिस परिवार पर बच्ची की हत्या का शव फेंकने का आरोप लगाया है उसके घर की दूर करीब सौ मीटर है। जबकि बच्ची का शव लोगों के ही पीछे खाली पड़े एक ग्रामीण के भू खंड से बरामद हुआ।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म करने के तीनों आरोपी गए जेल, अभियुक्त बोला-षडयंत्र के तहत बैठाया था कार में
