कासगंज: सफेद हाथी साबित हो रहे पालिका क्षेत्र में बने सामुदायिक शौचालय, लाखों रुपये से बने...ज्यादातर की दुर्दशा
फोटो- गोशाला रोड स्थित नगला भीकम में बंद पड़ा सामुदायक शौचालय।
गंजडुंडवारा, अमृत विचार: कस्बे में लाखों रुपए की लागत से बनाए गए सामुदायिक शौचालय सफेद हाथी साबित हो रहा है। नगरवासियों ने इसकी शिकायत भी की लेकिन जिम्मेदारों पर आज तक कोई भी असर नहीं हुआ।
अब अमृत विचार ने पहुंचकर पड़ताल कर स्थिति देखी तो कस्बे की मलिन एवं पिछड़ी आबादी वाली जगहों पर स्थित छह शौचालय में से सभी शौचालयों में ताला पड़ा मिला व अन्य दुर्दशा में पाये गए, जिससे जरूरतमंदों को शौच क्रिया के लिए बाहर जाने को विवश होना पड़ रहा है।
लेकिन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार और न ही पालिकाध्यक्ष हाजी मुनब्बर हुसैन व सम्बंधित वार्ड सभासद इस ओर ध्यान देने को तैयार नही हैं। जो शौचालय सही है, वह भी दुर्दशा को प्राप्त एवं जर्जर हालत में है और साफ सफाई का अभाव है एवं जो बंद है। वे सिर्फ सफेद हाथी बने खड़े हैं। जिससे पुरुषों महिलाओं समेत बच्चों को भी शौच क्रिया के लिए बाहर जाना पड़ रहा है।
एक तरफ प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत हर सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य कराया गया था, लेकिन सरकारी धन के बंदर बांट के कारण आज यह शौचालय सिर्फ सफेद हाथी की तरह खड़े हैं जो किसी भी काम के नहीं है। जिससे 7 मई को मतदान के दिन भी महिला, वृद्ध एवं पुरुष मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
अब देखना यह है कि अमृत विचार की पड़ताल से जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर ध्यान आकर्षित होता है या नहीं आखिर कब मिलेगा कस्बा वालों को इसका लाभ या यूं ही लोग बाहर खुले में शौच क्रिया को बने रहेंगे मजबूर।
कस्बे में सामुदायक शौचालय की स्थिति-
-मोहल्ला मंसूर मलिन बस्ती(बदहाल हालात में बंद)
-नगला भीकम(बदहाल हालात में बंद)
-कैनाल रोड बिजली घर के पास(दुर्दशा के चलते लगा है ताला)
-सामुदायक स्वास्थ्य केन्द्र के पास थाना रोड(ज्यादातर ताला लगा रहता है)
- मोहल्ला आवाजी अंबेडकर भवन के पास(चालू, लेकिन साफ सफाई का आभाव)
-मोहनपुर रोड(चालू लेकिन साफ सफाई व चीजों का अभाव)
सभी सामुदायक शौचलय की दुर्दशा को दूर करने हेतु एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है। ये व्यवस्थित ढंग से जल्द सुचारु कर दिये जाएगे और प्रत्येक शौचालय पर कर्मचारियो की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी--- सुनील कुमार, अधिशासी अधिकारी,नगर पालिका परिषद, गंजडुण्डवारा।
यह भी पढ़ें- कासगंज: वर्षों से धार्मिक आस्था का केंद्र बना है मां पार्वती का मंदिर, पढ़िए पूरी जानकारी
