बरेली: संगीन मामलों के आरोपी हिस्ट्रीशीटर संदेश कनौजिया भाजपा में शामिल

बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में मंत्री और सांसद ने दिलाई भाजपा की सदस्यता

बरेली: संगीन मामलों के आरोपी हिस्ट्रीशीटर संदेश कनौजिया भाजपा में शामिल

बरेली, अमृत विचार। चर्चित हिस्ट्रीशीटर संदेश कनौजिया बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप के कार्यालय में आयोजित बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन के दौरान कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। सांसद के धर्मेंद्र कश्यप के मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप ने दावा किया कि संदेश भाजपा की नीतियों से खुश हैं, इसलिए उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली है। आंवला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने संदेश के भाजपा में शामिल होने की जानकारी होने से इन्कार कर दिया।

आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप के लाल फाटक इलाके में स्थित चुनाव कार्यालय में बुधवार को बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसी सम्मेलन में धर्मेंद्र कश्यप और मंत्री धर्मपाल सिंह ने हिस्ट्रीशीटर संदेश कनौजिया को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इस दौरान क्लस्टर प्रभारी सुरेश राणा भी मौजूद थे। संदेश के भाजपा में शामिल होने के कुछ ही देर बाद उनकी फोटो वायरल हो गई जिसमें वह भाजपा नेताओं के साथ मंच पर मौजूद हैं और गले में भगवा पटका डाल रखा है। आंवला के भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह के मुताबिक वह इस कार्यक्रम में देर से पहुंचे थे, इसलिए उन्हें संदेश के पार्टी में शामिल होने की जानकारी नहीं है।

संदेश कनौजिया के खिलाफ अकेले थाना बिथरी चैनपुर में करीब 21 संगीन मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या की कोशिश, गुंडा एक्ट, गैंगेस्टर, रासुका, बलवा, मारपीट, धोखाधड़ी, रंगदारी जैसे अपराधों के केस हैं जो उन पर वर्ष 2004 से 2022 के बीच दर्ज हुए हैं। हिस्ट्रीशीट भी खोली जा चुकी है।

ये भी पढ़ें- बरेली: 'मेयर इस्तीफा दें या माफी मांगे वर्ना चुनाव बहिष्कार', आज संतोष गंगवार के गांव में प्रदर्शन करने का ऐलान