गाजियाबाद: 24वीं मंजिल से कूदकर 11वीं कक्षा के छात्र ने की सुसाइड, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गाजियाबाद। इंदिरापुरम पुलिस थाना क्षेत्र में एक ऊंचे भवन से 11वीं कक्षा के एक लड़के ने कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार को रात आठ और नौ बजे के बीच एटीएस एडवांटेज सोसाइटी में घटी। 

सहायक पुलिस आयुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा, “भवन से कूदने वाले लड़के की पहचान नव खन्ना उर्फ काविश (17) के रूप में हुई है जिसे आखिरी बार उसके दो दोस्तों के साथ भवन की 24वीं मंजिल पर देखा गया था।” इस लड़के को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। 

उन्होंने कहा, “प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। हालांकि, हम इस घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं।” पुलिस के मुताबिक, “मृतक के साथ 24वीं मंजिल पर मौजूद उसके दो दोस्तों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वे वहां तस्वीर ले रहे थे। मृतक ने अपने दोस्तों को बताया कि वह कुछ काम से नीचे जा रहा है और कुछ देर बाद उसके दोस्तों ने नीचे हलचल देखी और उन्हें इस घटना का एहसास हुआ।” 

पुलिस अधिकारी ने कहा, “ऐसा लगता है कि मृतक 24वीं मंजिल से नीचे आते समय कूद गया। हम आसपास के सीसीटीवी फुटेज देख रहे हैं जिससे यह पता चल सके कि कहां से वह कूदा।” पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच कर रही है।  

यह भी पढ़ें:-ओपी राजभर की मां का निधन, मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक, आज मणिकर्णिका घाट पर होगा अंतिम संस्कार

संबंधित समाचार