बदायूं: गैंगस्टर भाइयों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

बदायूं: गैंगस्टर भाइयों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

वजीरगंज, अमृत विचार: थाना वजीरगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की छह लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। शुक्रवार को सीओ बिसौली सुनील कुमार की मौजूदगी में पुलिस ने गांव जाकर मुनादी कराई। आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा किया। 

वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव हतरा निवासी कामरान और फैजान पुत्र गुड्डू शातिर किस्म के हैं। उन्होंने गिरोह बनाकर घटनाओं को अंजाम दिया है। साल 2021 में उन्होंने गोवध करके मांस विक्रय किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जेल भेजा था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गिरोहबंद एवं असामाजिक क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी। 

अवैध तरीके से अर्जित की गई दोनों भाइयों की संपत्ति जब्त करने के लिए फाइल तैयार की गई और जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गई। 13 मार्च को जिलाधिकारी की अनुमति पर शुक्रवार को सीओ बिसौली की मौजूदगी में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने गांव जाकर ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों के सामने मुनादी कराई। दोनों आरोपियों की 6.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। संपत्ति राज्य सरकार के पक्ष में सील की गई।

यह भी पढ़ें- बदायूं: बरेली में हुई युवक हत्या का दूसरा आरोप पुलिस की गिरफ्त से बाहर, मृतक के भाई ने रखा  20 हजार का इनाम