रॉबर्ट वाड्रा ने बांकेबिहारी के किए दर्शन, बोले- अयोध्या हो या मथुरा, वह हर जगह को एक तरह से देखते हैं 

रॉबर्ट वाड्रा ने बांकेबिहारी के किए दर्शन, बोले- अयोध्या हो या मथुरा, वह हर जगह को एक तरह से देखते हैं 

मथुरा (उप्र)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाद्रा आज वृन्दावन के ठा. बांकेबिहारी का दर्शन करने यहां पहुंचे। उन्होंने स्थानीय सेवायतों के सानिध्य में ठाकुरजी की श्रृंगार आरती के दर्शन किये और कहा कि अयोध्या हो या फिर मथुरा, वह हर जगह को एक तरह से देखते हैं। उन्होंने कहा ,‘‘इसमें राजनीति की कोई बात नहीं होनी चाहिए। जब भी किसी को कोई परेशानी होती है तो वह अपने भगवान को याद करता है। 

वह किसी नेता या पार्टी को याद नहीं करता। ’’ उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भेदभाव की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस को सनातन विरोधी कहना भाजपा का प्रचार का अपना तरीका है। उन्होंने दावा किया कि उनका पूरा परिवार भेदभाव से दूर धर्मनिरपेक्ष है। 

उन्होंने विपक्षी 'इण्डिया' गठबंधन की जीत का भरोसा जताते हुए कहा,‘‘ हम सब देश में एक धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाएंगे। ’’ उन्होंने भाजपा का जिक्र करते हुए कहा कि देश में धर्मनिरपेक्ष सरकार कायम होनी चाहिए और उनका गठबंधन (इण्डिया) इस ओर मजबूती से काम कर रहा है। वाद्रा ने दर्शन के बाद ठाकुरजी के प्रसाद के तौर पर मिली कचौड़ी का आनंद लिया और भक्तों को स्वयं भी प्रसाद बांटा। 

उन्होंने सोमवार सुबह वृन्दावन पहुंचकर शृंगार आरती के दौरान ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन किए। इसके बाद मंदिर के सेवायत ने अपनी गद्दी पर प्रसादी का पटुका एवं माला पहनाई और चंदन लगाकर उनका परम्परागत तरीके से स्वागत किया। पत्रकारों से वार्ता में राजनीति में शामिल होने का संकेत देते हुए उन्होंने कहा कि देश में बदलाव का माहौल है और इसमें उनका पूरा परिवार लगन से काम कर रहा है एवं वह भी शामिल होंगे। 

उन्होंने कहा कि देश में धर्मनिरपेक्ष सरकार बने, इसके लिए भी वह प्रयास करते रहेंगे। अमेठी से प्रत्याशी बनने के सवाल पर वाद्रा ने साफ कहा ,‘‘ देश के कोने-कोने में चर्चा चल रही है। यह लोगों की एक पुकार है। वे चाहते हैं कि मैं उनका प्रतिनिधित्व करूं। उनके क्षेत्र में जाकर मैं उनकी समस्याएं सुनूं ताकि उनकी प्रगति हो। मैं भी राजनीति में आने का इच्छुक हूं, परंतु सही मायनों में इसका निर्णय सही समय पर ही लिया जाएगा। 

अभी कोई जल्दबाजी नहीं है।’’ कांग्रेस एंव ‘इंडिया’ गठबंधन को जिताने के लिए राहुल एवं प्रियंका गांधी का जिक्र किए जाने पर उन्होंने कहा,‘‘वे दोनों भी काफी मेहनत कर रहे हैं। वे लोगों की मदद के लिए तत्पर हैं। हमारी भी ठा. बांके बिहारी से प्रार्थना है कि देश में सुख और शांति बनी रहे। राहुल एवं प्रियंका के लिए भी कामना की है कि वे अवश्य सफल हों।’’

यह भी पढ़ें- नहीं मानी मुस्लिम पक्ष की SC ने बात, श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद पर हिंदू पक्ष को राहत