बदायूं: अज्ञात वाहन ने महिला को मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

बदायूं: अज्ञात वाहन ने महिला को मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

बदायूं, अमृत विचार। आंखों में परेशानी होने पर ड्राप लेने दातागंज गई महिला सड़क हादसे का शिकार हो गई। किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। 

कोतवाली दातागंज क्षेत्र के गांव साबितगंज निवासी खिलौना देवी (40) पत्नी सत्यपाल को कुछ दिनों से आंख संबंधी समस्या हो गई थी। उन्होंने चिकित्सक को दिखाकर दवा ली। चिकित्सक ने एक ड्राप दिया। जो खत्म हो गया था। रविवार को खिलौना देवी टेंपो से कस्बा दातागंज गई थीं। ड्राप लेने के बाद दोपहर लगभग 12 बजे वापस लौट टेंपो से गांव लौटी थीं। 

अपने गांव के अड्डा गांव करनपुर के पास उन्हें टेंपो चालक को आवाज लगाकर रुकने को बोला लेकिन गति ज्यादा होने की वजह से चालक ने कुछ आगे जाकर टेंपो रोका। खिलौना देवी सड़क पार करके अड्डे से अपने गांव जाने वाले मार्ग की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उनके सिर, कंधे और पैर में चोट आई। राहगीरों की सूचना पर महिला के परिजन पहुंचे। 

महिला को दातागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने महिला को रेफर कर दिया। परिजन बरेली के अस्पताल ले गए। जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। महिला को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।

ये भी पढे़ं- बदायूं: किशोरी से घर में घुसकर छेड़छाड़ के आरोपी को तीन साल की सजा, 12 हजार रुपये का लगा जुर्माना