प्रयागराज: मां के साथ सो रही डेढ़ साल की मासूम का झाड़ियों में मिला शव, शरीर पर मिले चोट के निशान

प्रयागराज: मां के साथ सो रही डेढ़ साल की मासूम का झाड़ियों में मिला शव, शरीर पर मिले चोट के निशान

प्रयागराज, अमृत विचार। हंडिया थाना क्षेत्र के मंदर गांव में मां के साथ चारपाई पर सो रही डेढ़ साल की मासूम बच्ची का शव 200 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने रात में ही पहुंचकर साक्ष्य जुटा लिया पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

हंडिया के मंदर गांव निवासी महेंद्र मुसहर मजदूरी करता है। बीती रात वह गेहूं की मड़ाई करने के लिए पास के गांव में गया हुआ था। घर में उसकी पत्नी रानी अपनी डेढ़ साल की बेटी को लेकर रात में चारपाई पर सो रही थी। देर रात उसकी नींद खुली तो बेटी चारपाई पर नहीं थी। वह वहां से गायब थी। इसके बाद वह काफी खोजबीन की। काफी देर के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। उसने पास के गांव में मड़ाई करने गए अपने पति को जानकारी दी। पति-पत्नी दोनों टॉर्च लेकर काफी देर तक खोज भी करते रहे। खोजबीन के बाद करीब 200 मीटर दूर एक गड्ढे में झाड़ियों के बीच बच्ची का शव देखा तो दोनों चीखने लगे। गांव के लोगों क़ी मौके पर भीड़ जुट गई। 

जानकारी पाकर एसीपी हंडिया पंकज लावनिया के अलावा कोतवाली हंडिया के बीके गौतम फोर्स के साथ पहुंच गए। रात में ही फोरेंसिक ने पहुंच कर सबूत को जुटाना शुरु कर दिया। काफी देर तक छानबीन के बाद घटना के कारण पता नहीं चल सका। बच्ची के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। आशंका जाहिर की जा रही है कि गला घोटकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पूरी घटना क़ी जांच क़ी जा रही है।

ये भी पढ़ें -धोखाधड़ी: बहराइच में नगरपालिका की जमीन का करा लिया बैनामा, अध्यक्ष और ईओ ने प्रमुख सचिव को भेजा शिकायती पत्र