बदायूं: हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रामनवमी का त्योहार, भगवान राम की भक्ति में डूबा शहर

बदायूं: हर्षोल्लास के साथ मनाया गया रामनवमी का त्योहार, भगवान राम की भक्ति में डूबा शहर

बदायूं, अमृत विचार। शहर सहित देहात क्षेत्र में रामनवमी का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिसमें शहर का माहौल बुधवार को राममय दिखाई दिया। गाजे-बाजे के साथ धूमधाम से रामनवमी शोभायात्रा निकाली गई। 

इस दौरान शहर जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारों से गुंजायमान होता रहा। जिसके चलते वातावरण भक्तिमय रहा। तेज धूप और गर्मी का भी राम की भक्ति में डूबे भक्तों पर कोई असर नहीं दिखा। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। 

शहर में निकली रामनवमी शोभायात्रा का शुभारंभ श्री रघुनाथ जी मंदिर से दोपहर तीन बजे हुआ। मंदिर के सनातन धर्म सेवा समिति के पदाधिकारी रामसरन बत्तरा, वीरेंद्र गोस्वामी ने श्री राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों का तिलक किया। इसके बाद उनके समिति पदाधिकारी देवेंद्र कुमार चड्डा, दर्शन लाल बतरा ने हरी झंडी दिखाई। 

सनातन धर्म सेवा समिति पदाधिकारी उपाध्यक्ष सुरेंद्र आहूजा, यशपाल मिनोचा, हेमंत कुमार दुआ समेत सभी पदाधिकारी पीतांबर वस्त्रों में रहे। शोभायात्रा में शामिल स्वचालित झांकियां, काली अखाड़े, सीएम योगी की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। शोभा यात्रा टिकटगंज, हलवाई चौक, गोपी चौक, लोटनपुरा, जोगीपुरा, लावेला चौक, कैलाश टाकीज, पुराना बाजार होते हुए रघुनाथ मंदिर पर पहुंची। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। 

शोभा यात्रा के दौरान जय श्रीराम, हर-हर महादेव के जयकारों से शहर गूंज उठा। रामजी की निकली सवारी, रामजी की लीला है न्यारी, श्रीराम जी चले न हनुमान के बिना आदि गानों और भजनों पर भक्त झूमते रहे। शोभायात्रा की शोभा बढ़ाने के लिए कई झांकियां दूसरे जिलों से मंगाई गईं थीं। जो कि आकर्षण का केंद्र रहीं। 

शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। भारी संख्या में पुलिस बल शोभायात्रा के साथ चल रहा था। इसके अलावा जगह जगह पुलिसकर्मी और पैरामिलेट्री के जवानों की डयूटी लगाई गई थी। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी शहर का भ्रमण किया जाता रहा।

ये भी पढे़ं- बदायूं: लोडर वाहन की टक्कर से राजमार्ग पर पलटा डनलप, छात्रा की मौत...पांच घायल