सीतापुर: अटकलों पर लगा विराम, बसपा ने पूर्व बीजेपी विधायक को बनाया लोकसभा प्रत्याशी

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

सीतापुर,अमृत विचार। जिले की लोकसभा सीट पर बसपा ने छठी लिस्ट जारी करते हुए पूर्व बीजेपी विधायक महेंद्र सिंह यादव को चुनावी मैदान में उतार दिया है। हालांकि महेंद्र सिंह यादव ने इसकी घोषणा दो दिन पहले हुए बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में की थी। लम्बे अरसे से चल रहे अटकलों पर शुक्रवार की देर शाम बसपा ने लिस्ट जारी करते हुए विराम लगा दिया है। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का नामांकन गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो चुका है। भाजपा ने सांसद राजेश वर्मा पर पुनः अपना भरोसा जताते हुए चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि भाजपा से बागी हुए पूर्व भाजपा विधायक राकेश राठौर को इंडिया गठबंधन से कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।

बसपा के टिकट को लेकर जिले के दिग्गज नेता लाइन में लगकर दावेदारी कर रहे थे। शुक्रवार की देर शाम बसपा ने लिस्ट जारी करते हुए पूर्व बीजेपी विधायक महेंद्र सिंह यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।। बसपा ने सीतापुर सीट से महेंद्र सिंह यादव और साथ ही मिश्रिख लोकसभा सीट से वन विभाग से रिटायर्ड बी.आर.अहिरवार के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। नामों की घोषणा होते ही बसपा कार्यकर्ताओं ने दोनों प्रत्याशियों को बधाइयां प्रेषित की। बसपा प्रत्याशी लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही भाजपा के टिकट पर दावेदारी ठोक रहे थे लेकिन टिकट न मिलने पर उन्होंने भाजपा का दामन छोड़कर बसपा का दामन थामकर चुनावी मैदान में ताल ठोक दी है। 


बिसवां सीट से रहे विधायक 

भाजपा छोड़कर बसपा का दामन थामने वाले पूर्व विधायक महेंद्र सिंह यादव जिले की बिसवां विधानसभा सीट से वर्ष 2017 से 2022 के कार्यकाल में बीजेपी विधायक बनकर जनता के बीच रहे। दोबारा टिकट की रेस में दौड़ने के दौरान अश्लील फोटो वायरल होने पर भाजपा ने महेंद्र यादव का टिकट काटकर निर्मल वर्मा को विधायक के रूप में ताजपोशी की थी।

बताया जाता है कि भाजपा का दामन लम्बे समय से थामने के बाद जब संसदीय सीट से टिकट की दावेदारी में महेंद्र यादव को निराशा हाथ लगी तो उन्होंने भाजपा का दामन छोड़कर हाथी की सवारी पर सवार हो गये।

संबंधित समाचार