अयोध्या: इकबाल अंसारी की बढ़ी मुश्किलें, पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट कोर्ट ने की निरस्त
अयोध्या, अमृत विचार। प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मामले में अदालत ने पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट निरस्त कर दी है। इकबाल अंसारी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगने के …
अयोध्या, अमृत विचार। प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मामले में अदालत ने पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट निरस्त कर दी है। इकबाल अंसारी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगने के बाद अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह की शिकायत का संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने दोबारा जांच के निर्देश दिए हैं।
गत वर्ष सितंबर माह में कोर्ट के निर्देश पर थाना राम जन्मभूमि में बाबरी मस्जिद के तत्कालीन पक्षकार रहे इकबाल अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। यह मामला अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह ने दर्ज कराया था जिसमें इकबाल अंसारी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था। गौरतलब हो कि गत वर्ष सितंबर माह में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह ने अयोध्या पहुंचकर इकबाल अंसारी से मुलाकात की थी।
वर्तिका ने अयोध्या विवाद को जल्द सुलझाने का अनुरोध किया था जिसके बाद वर्तिका सिंह की ओर से थाने में की गई शिकायत में कहा गया कि इस दौरान इकबाल अंसारी उग्र हो गए और उन्होंने अभद्रता की। इसके साथ मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी भी की। मामले में वर्तिका सिंह के विरोध को देखते हुए कोर्ट के निर्देश पर थाना राम जन्मभूमि में इकबाल अंसारी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। वहीं मामले में इकबाल अंसारी ने भी वर्तिका सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने वर्तिका सिंह पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था।
