शाहजहांपुर: आंधी के दौरान लगी आग से चार घर जले, एक महिला झुलसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुवायां, अमृत विचार। जठियापुर खुर्द गांव में मंगलवार शाम आंधी के दौरान आग लग गई। जिसमें चार घरों में रखा नगदी समेत लाखों की कीमत का सामान जल गया। आगजनी से एक घर में बेटी की शादी के लिए रखा दहेज का सामान भी जल गया। इस दौरान एक महिला भी झुलस गई। उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के लिए पहुंची और जैसे तैसे आग पर काबू पाया।  

प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि शाम 6:30 बजे के लगभग गांव जठियापुर खुर्द में राम विनोद के घर में आग लग गई। उस वक्त घर में खाना बन रहा था। देखते ही देखते जरा सी देर में आग आसपास के अन्य घरों में भी लग गई। राम विनोद के पड़ोसी घरों में रहने वाली उनकी मां रामवती अपने बेटे अर्जुन के साथ रहती हैं। 

रामवती के घर में भी आग लग जाने से लगभग दो लाख रुपये कीमत का घर का सामान जल गया। तीसरे पड़ोसी महेश के घर में भी आग लग गई। महेश की पुत्री रिशावती की शादी 26 अप्रैल को होनी है। 26 को ही बारात आएगी। महेश ने बताया कि उसके घर में शादी की तैयारी चल रही थीं। घर में विवाह में देने के लिए तमाम सामान लाया था तथा अन्य घरेलू सामान बिस्तर, रजाई, चारपाई सब कुछ जलकर राख हो गया। उसका लगभग तीन लाख का सामान जलकर राख हुआ है। 

राम विनोद के घर में रखा हुआ लगभग एक लाख कैश भी जलकर राख हो गया। वह रुपया फसल बेचकर लाया था तथा गन्ने की छुलाई ठेका पर करके 72 हजार कैश लाया था। आग लगने की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड स्टेशन इंचार्ज आकाश सिंह का कहना है कि आग लगने से एक महिला काफी जल गई हैं, जिसे अस्पताल भेजा गया है।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: इलेक्ट्रिक बसें यात्रियों को देने लगीं दगा, बस के अंदर गर्मी और धूल से लोगों को हो रही घुटन 

 

संबंधित समाचार