बदायूं: सोनीपत में सड़क हादसे में उघैती के दो भाइयों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उघैती, अमृत विचार: थाना उघैती क्षेत्र के गांव पिपरी निवासी दो भाइयों की हरियाणा राज्य के जिला सोनीपत में सड़क हादसे में मौत हो गई। सोनीपत पुलिस द्वारा सूचना देने पर परिजन यहां से रवाना हो गए हैं। 

गांव पिपरी निवासी दो भाई योगेंद्र (30) और राकेश (25) पुत्र राम बहादुर गांव में रहकर अपनी कुछ जमीन पर फसल करके परिवार का पालन पोषण करते थे लेकिन जमीन की आय से परिवार का पोषण सही प्रकार से नहीं हो पा रहा था। जिसके चलते दोनों भाई पानीपत जाकर रहने लगे थे। जहां ठेकेदारी शुरू की थी। अपनी जमीन में उगाई गई गेहूं की फसल की कटाई के लिए कुछ दिन पहले गांव आए थे। 

गुरुवार रात लगभग 10 बजे वह लोडर वाहन से सोनीपत जा रहे थे। सोनीपत के थाना राई क्षेत्र में लोडर वाहन खराब हो गया था। वह दोनों नीचे उतरकर लोडर वाहन में धक्का लगा रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार से आई पिकअप ने दोनों भाइयों को टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सोनीपत पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उनके परिजनो को अवगत कराया। परिवार में चीत्कार मच गया। परिजन सोनीपत रवाना हो गए।

यह भी पढ़ें- बदायूं: फंदे पर लटका मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार