पीलीभीत: मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज होगा कर्मचारियों की चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत,अमृत विचार। पंचायत विभाग में तैनात कर्मचारियों को चल एवं अचल संपत्ति का ब्योरा देना होगा। जिला पंचायत राज अधिकारी ने पंचायत विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को सप्ताह भर के भीतर चल-अचल संपत्ति का ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।  कर्मचारियों से प्राप्त चल-अचल संपत्ति के विवरण को मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

पंचायती राज विभाग के निदेशक ने शासनादेश जारी कर राज्य कर्मचारियों द्वारा नियमानुसार चल-अचल संपत्ति का विवरण दर्ज कराए जाने के संबंधी निर्देश जारी किए हैं।

शासनादेश में कहा गया कि कर्मचारियों के पास कितनी चल-अचल संपत्ति है। इसका ब्योरा विभाग को उपलब्ध कराएं। इसके बाद विभाग के माध्यम से उसे मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। शासन का उद्देश्य यह है कि अगर किसी कर्मचारी का नाम घोटाला या घपलेबाजी प्रकरण में आया तो उसकी संपत्ति आदि की आसानी से जांच हो पाएगी। 

कहा गया है कि पंचायत विभाग में कार्यरत  कर्मचारी अपनी नियुक्ति तिथि से लेकर उसके बाद हर पांच साल तक की अपनी संपत्ति का ब्योरा देंगे। इधर जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी सहायक विकास अधिकारी पंचायत, सभी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, सभी सफाई कर्मी एवं कार्यालय में तैनात सभी कर्मचारियों को चल-अचल संपत्ति का ब्योरा एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित तिथि पर ब्योरा उपलब्ध न कराने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला पंचायत राज अधिकारी के इस आदेश से महकमे के कर्मचारियों में खलबली मची हुई है।

शासन के निर्देशानुसार विभाग में कार्यरत कर्मचारियों से चल-अचल संपत्ति का विवरण उपलब्ध कराने को निर्देशित किया गया है। सभी को एक सप्ताह में ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्राप्त विवरण को मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। - सतीश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: चोरों ने रेस्टोरेंट को बनाया निशाना, साढ़े तीन की किलो चांदी की प्रतिमा समेत सात लाख की चोरी

 

संबंधित समाचार