साधना शर्मा हत्याकांड: शिक्षिका बनी गैंगस्टर...हाईकोर्ट ने एसएसपी को दिया गिरफ्तारी का आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। डीजीसी क्रिमिनल के हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी की पत्नी महिला शिक्षिका के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। शिक्षिका के खिलाफ चार महीने पहले गैर जमानती वारंट जारी किया था। अब हाईकोर्ट ने एसएसपी को शिक्षिका को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। मुकदमा की वादिनी ने एसएसपी को गिरफ्तारी के लिए प्रार्थना पत्र दिया है।

कोर्ट से 23 मई 2016 को अपने घर उझानी जा रहीं डीजीसी क्रिमिनल साधना शर्मा की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की विवेचना के दौरान मुख्य अभियुक्त पीसी शर्मा समेत उनकी पत्नी कमलेश शर्मा, उनके साले गिरीश मिश्रा, मृतक महिला की बहन श्रद्धा गुप्ता, बहनोई श्रवण गुप्ता, सुपारी किलर मस्ताना उर्फ अब्दुल नबी, पिंटू उर्फ नरेंद्र, यासीन उर्फ बाबा, राजू उर्फ रियाज, इशरत और मोहब्बत उर्फ साजिद के नाम सामने आए थे। 

इस मामले में गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई हुई थी। आठ लोगों के खिलाफ चार्जशीट लगी थी। बाद में वादिनी विपर्णा गौड़ ने पैरवी की। उच्च न्यायालय में रिट के बाद श्रद्धा गुप्ता, श्रवण गुप्ता और मुख्य मुल्जिम पीसी शर्मा की पत्नी कमलेश शर्मा के खिलाफ भी पूरक गैंगचार्ट 2019 में बना था। मुकदमे की अभियुक्ता श्रद्धा गुप्ता ने सुप्रीम कोर्ट में गैंगस्टर की रिपोर्ट निरस्त करने की याचिका डाली लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उसकी याचिका को निरस्त करते हुए इस मामले में नया कानून बनाया। 

जिसके अनुसार एक मुकदमे पर भी गैंगस्टर का मुकदमा कायम किया जा सकता है और पूरक गैंग चार्ट भी बनाया जा सकता है। मुकदमे की आरोपी कमलेश शर्मा ने उच्च न्यायालय में गैंगस्टर की रिपोर्ट निरस्त करने की मांग की।

कोर्ट ने 8 अप्रैल 2020 को तीन महीने में गैंगस्टर मामले की विवेचना पूरी करने का आदेश दिया। इसके बाद भी थाना अलापुर के विवेचकों ने तीन महीने की बजाय तीन साल सात महीने में गैंगस्टर की चार्जशीट दाखिल की। कमलेश शर्मा ने गैंगस्टर की चार्जशीट निरस्त करने के लिए फिर याचिका डाली। 

वादिनी विपर्णा गौड़ ने इस मामले में उच्च न्यायालय में खुद बहस की। कोर्ट ने अगली तारीख 17 मई 2024 नीयत की है। साथ ही बदायूं एसएसपी को आदेश दिया है कि आरोपी कमलेश शर्मा शिक्षिका हैं। उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट है। उसे जल्द गिरफ्तार करें। वादिनी ने उच्च न्यायालय के आदेश से एसएसपी और अन्य अधिकारियों को अवगत कराते हुए कमलेश शर्मा की गिरफ्तारी करने का प्रार्थना पत्र दिया है।

ये भी पढे़ं- बदायूं: अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, एक घायल

 

संबंधित समाचार