बरेली: व्यापारी सम्मेलन में बोले राज्यसभा सांसद नवीन जैन, कहा- मजबूत सरकार के लिए भाजपा को जिताएं
बरेली, अमृत विचार : आईएमए हॉल में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा को जिताने की अपील की। उन्होंने याद दिलाया कि रूस-यूक्रेन के युद्ध के दौरान जब भारतीय छात्र तिरंगा लेकर देश लौट रहे थे तो तोपों ने गरजना बंद कर दिया था। प्रधानमंत्री की विश्व में मजबूत स्थिति के कारण यह ही संभव हो पाया था।
नवीन जैन ने कहा कि यह चुनाव नाली-खड़ंजे या सड़क के लिए नहीं है। देश का सम्मान बढ़ाने में अग्रसर रहने वाले प्रधानमंत्री की हैट्रिक लगाने के लिए चुनाव है। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान उन्होंने ही भारतीय छात्रों को सकुशन देश लाने का काम किया था। पाकिस्तानी छात्रों को जब उनके देश के नेताओं ने बचाने का प्रयास नहीं किया तो वे भी तिरंगा लेकर सकुशल वहां से निकल पाए।
जैन ने कहा कि व्यापारी सुरक्षित माहौल चाहता है। आज प्रदेश में व्यापार, महिला, किसान, छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल है। कहीं लूटपाट नहीं होती। रात में भी महिलाएं सकुशल घर पहुंचती है। पहले की सरकारों में महिलाओं के गहने लूट लिए जाते थे। लूटपाट के बाद व्यापारियों की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं होती थी। उन्होंने व्यापारियों से ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने को कहा।
लोकसभा क्लस्टर प्रभारी सुरेश राणा ने कहा कि कम मतदान होने की चर्चा पर ध्यान नहीं देना है। हमें मजबूर नहीं मजबूत सरकार चुनने के लिए मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। इससे पहले कार्यक्रम देर से शुरू हुआ तो कई व्यापारी उठकर जाने लगे। इस पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोका। सम्मेलन में वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, मंत्री कपिल देव अग्रवाल, मेयर उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने भी विचार व्यक्त किए।
इस दौरान लोकसभा क्षेत्र प्रभारी देवेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा, राजेंद्र गुप्ता, सर्वेश रस्तोगी, सतीश अग्रवाल, सुरेंद्र रस्तोगी, राजेश जसोरिया, शोभित सक्सेना, गुलशन आनंद, पुष्पेंद्र राठौर, रोहित जिंदल, सुदेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, विकास अग्रवाल, बीडी जोशी, पवन अरोरा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र जोशी ने किया।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: जेल मुख्यालय से भी बाहुबली धनंजय सिंह की गतिविधियों पर नजर, आज हो सकती है रिहाई
