कांग्रेस के दो पूर्व विधायकों ने छोड़ी पार्टी, आप के साथ गठबंधन पर जताई नाराजगी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस के दो पूर्व विधायकों नीरज बसोया और नसीब सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने पद से इस्तीफा दे दिया था। दोनों पूर्व विधायकों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अलग-अलग पत्र लिखे। 

उन्होंने कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी (आप) के बीच गठबंधन पर नराजगी जताई तथा इस्तीफे के लिए गठबंधन को ही जिम्मेदार ठहराया। बसोया ने अपने पत्र में कहा, ‘‘ मैं विनम्रतापूर्वक कहना चाहता हूं कि यह गठबंधन दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए बदनामी और शर्मिंदगी का सबब बन रहा है और मेरा मानना है कि एक स्वाभिमानी पार्टी नेता के तौर पर मैं पार्टी के साथ अब और जुड़ा नहीं रह सकता।’’

 इससे पहले अरविंदर सिंह लवली ने भी दिल्ली पार्टी प्रमुख के पद से इस्तीफा देने का यही कारण बताया था। कांग्रेस ने पूर्व विधायक देवेंद्र यादव को मंगलवार को अपनी दिल्ली इकाई का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया। अरविंदर सिंह लवली के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद यादव की नियुक्ति की गई है। पूर्व विधायक यादव मौजूदा समय में पंजाब के प्रभारी भी हैं।

यह भी पढ़ें- करीब 80 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जांच में कुछ नहीं मिला: पुलिस 

संबंधित समाचार