Kanpur Dehat Accident: ट्रक में फंसकर सौ मीटर घिसटी बाइक...युवक की मौत, आगे जाकर ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा
कानपुर देहात में सड़क हादसे में युवक की मौत
कानपुर देहात, अमृत विचार। रसूलाबाद में भट्ठी पर खोया बनाने जा रहे बाइक सवार को ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक ट्रक में फंसकर करीब सौ मीटर घिसटते चली गई और सवार युवक की मौत हो गई। आगे जाकर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
मूलरूप से रूरा थाना क्षेत्र के निजामतपुर गहलों निवासी दिनेश (40) अपनी बहन स्व. मंजू पत्नी अरविंद कुमार निवासी कठारा के घर पर लगभग बीस वर्ष से रह रहा था। बुधवार की सुबह वह बाइक से पांडेय निवादा खोया बनाने भट्ठी पर जा रहा था।
.jpg)
तभी रसूलाबाद-कानपुर मार्ग छुहिया नाला के निकट रसूलाबाद की तरफ से जा रहे ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक ट्रक में फंस गई और लगभग सौ मीटर तक घिसटते हुए चली गई। जिससे बाइक सवार दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
राहगीरों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को जानकारी दी। जिस पर कोहराम मच गया और मृतक भाई पिंटू, मनोज, भांजे संदीप, ऋषि, सुधीर आदि बिलखते रहे। परिजनों ने बताया कि मृतक के पास चार बीघा खेत थे और वह अविवाहित था। उपनिरीक्षक देवनारायण द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
