शाहजहांपुर: ईएसआई की तर्ज पर छोटे और मझोले व्यापारियों को भी मिले मुफ्त इलाज
शाहजहांपुर, अमृत विचार। चौकी हद्दफ इकाई के गठन के मौके पर बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सौमित्र गुप्ता ने व्यापारियों से कहा कि बहुत गर्व का विषय है आज देश में जीएसटी का संग्रह 2.10 लाख करोड़ पहुंच गया है, लेकिन व्यापारियों को मिलने वाली सुविधाएं आज भी शून्य हैं।
उन्होंने कहा बहुत जल्दी ही इस संबंध में वित्त मंत्री भारत सरकार को व्यापार मंडल एक ज्ञापन भेजेगा। जिसमें ईएसआई की तर्ज़ पर औद्योगिक क्षेत्र के कर्मचारियों की तरह छोटे व मझोले व्यापारियों को भी मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं दिए जाने की मांग की जाएगी।
महानगर अध्यक्ष मो. सलाउद्दीन ने कहा कि कृषि आधारित अर्थव्यवस्था वाले देश में ऑनलाइन व्यापार प्रभावित होने के बावजूद व्यापारियों की ओर से जीएसटी संग्रह 2.10 लाख करोड़ का जमा होना किसी इतिहास से कम नहीं है।
उन्होंने बैठक में सभी व्यापारियों को आश्वस्त किया कि व्यापार मंडल आपके साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ा है। साथ ही साथ उन्होंने सचिन कुमार सक्सेना को हद्दफ इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया और जल्द से जल्द इकाई गठित करने को कहा।
बैठक का संचालन युवा जिला अध्यक्ष नरेंद्र शुक्ला ने किया। बैठक में महानगर महामंत्री अनूप गुप्ता, शाहनवाज अहमद, श्याम मोहन मिश्रा, असद खान, गुलजार अहमद, प्रदीप, आबिद हसन खान मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: विरोध प्रदर्शन के बाद बैकफुट पर आई पुलिस, बढ़ाईं गंभीर धाराएं
