सीट बदलने का झांसा देकर महिला प्रोफेसर के गले से पार की चेन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालसाज महिलाओं की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी चिनहट पुलिस

अमृत विचार, लखनऊ। चिनहट थाना अंतर्गत मल्हौर एमिटी यूनिवर्सिटी के पास ई-रिक्शे में सवार शातिर महिलाओं ने एक महिला प्रोफेसर  के गले से सोने की चेन पार कर दी। शातिर महिलाओं ने सीट बदलने का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल, पुलिस शातिर महिलाओं की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।

गोमतीनगर थाना अंतर्गत विकल्पखंड निवासी संदीप श्रीवास्तव ने चिनहट थाने में शातिर महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। लिखित शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उनकी पत्नी प्रोफेसर है। गत तीन अप्रैल की सुबह करीब दस बजे पत्नी एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाने जा रही थी।

उनका आरोप है कि मल्हौर पुलिस चौकी के नजदीक आरके टावर के पास तीन महिलाएं ई-रिक्शे पर सवार हुई। इसी बीच एक महिला ने सीट बदलने का झांसा देकर उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन पर पार कर दी। यूनिवर्सिटी पहुंचने पर उनकी पत्नी ने गले पर हाथ रखा, तो उन्हें चेन गायब मिली।

पीड़ित ने बताया कि चेन की कीमत करीब एक लाख रुपये की है। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी चतुर्वेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। शातिर महिलाओं की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

संबंधित समाचार