बरेली: मिशन शक्ति चलाकर बढ़ाएं महिलाओं का सम्मान
बरेली, अमृत विचार। मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने कहा कि 17 अक्टूबर से शुरू हो रहे मिशन शक्ति अभियान को ग्रामीण अंचलों में महिलाओं के प्रति सामाजिक सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता लाएं। यह अभियान 25 अक्टूबर तक चलेगा। मंडलायुक्त ने अपने कार्यालय के सभागार में ज़ूम एप के माध्यम से मंडलीय समीक्षा बैठक की। …
बरेली, अमृत विचार। मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने कहा कि 17 अक्टूबर से शुरू हो रहे मिशन शक्ति अभियान को ग्रामीण अंचलों में महिलाओं के प्रति सामाजिक सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता लाएं। यह अभियान 25 अक्टूबर तक चलेगा। मंडलायुक्त ने अपने कार्यालय के सभागार में ज़ूम एप के माध्यम से मंडलीय समीक्षा बैठक की।
मंडलायुक्त ने कहा कि शारदीय नवरात्र के अवसर पर महिला शक्ति अभियान का उद्देश्य है कि हम महिलाओं और बेटियों को सुरक्षात्मक परिवेश दें और उन्हें स्वावलंबी बनाने में शासकीय योगदान दें। कहा कि सभी सरकारी विभाग अपने कार्यालय में महिला हेल्प डेस्क तत्काल शुरू करें। किसी भी विभाग में यदि कोई महिला उत्पीड़न का मामला है तो उसका प्राथमिकता पर समाधान करें। दुर्गा पूजा से लेकर स्कूल कॉलेजों और कारपोरेट संस्थानों में महिला सशक्तिकरण पर वेबिनार का आयोजन करें।
मंडलायुक्त ने बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के डीएम एवं पुलिस अधीक्षकों से कहा कि वे अपने-अपने जनपदों में महिला शक्ति मिशन के कार्यक्रमों के प्रति बेहद संवेदनशील होकर कार्यक्रम आयोजित कराएं। पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि सभी थानों में एक महिला हेल्प डेस्क तत्काल स्थापित करें। महिला हेल्पलाइन 1090 के प्रयोग 112 के प्रयोग के बारे में ग्रामीण क्षेत्रों मे जागरूकता अभियान चलाया जाए।
पुलिस अधीक्षकों से कहा कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने कहा कि जनपद के 550 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों का जीर्णोद्धार कराया गया है। इन सभी केंद्रों में महिला शक्ति मिशन के तहत कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण, नगर आयुक्त अभिषेक आनंद, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत के जिलाधिकारी एव वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी ऑनलाइन उपस्थित रहे।
