जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर आजम और अब्दुल्ला को कोर्ट ने किया तलब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर,अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री व रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कोर्ट ने समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को तलब कर लिया है। विवेचना कर रहे रामपुर क्राइम ब्रांच के दरोगा के प्रार्थना पत्र को कोर्ट ने मंजूरी दे दी है। दोनों …

रामपुर,अमृत विचार। फिल्म अभिनेत्री व रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कोर्ट ने समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को तलब कर लिया है। विवेचना कर रहे रामपुर क्राइम ब्रांच के दरोगा के प्रार्थना पत्र को कोर्ट ने मंजूरी दे दी है। दोनों को चार नवंबर को कोर्ट में हाजिर होने के आदेश दिए गए हैं।

मुरादाबाद स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम पर दो मुकदमे चल रहे हैं। छजलैट कांड में कोर्ट ने गुरुवार को दोनों को राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली थी, जबकि फिल्म अभिनेत्री व रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले की सुनवाई चल रही है।

बताते हैं कि दिसंबर 2019 में रामपुर के सांसद आजम खां के सम्मान में कटघर थाना क्षेत्र के मुस्लिम डिग्री कालेज में कार्यक्रम हुआ था। इसमें आजम खां ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी। इस दौरान अपने भाषण में उन्होंने फिल्म अभिनेत्री व रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस मामले में बाद में आजम खां, अब्दुल्ला आजम व एसटी हसन समेत अन्य के खिलाफ कटघर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया था। मौजूदा समय में इस मामले की जांच रामपुर क्राइम ब्रांच कर रही है, 13 अक्टूबर को विवेचक ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर सीतापुर जेल में बंद आजम व अब्दुल्ला आजम को तलब करने की अपील की थी।

इसके अलावा फरार चल रहे रामपुर पालिकाध्यक्ष के पति अजहर खां के गिरफ्तारी वारंट के लिए भी प्रार्थना पत्र दिया था। इस मामले में शुक्रवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई हुई। शासकीय अधिवक्ता मुनीष भटनागर ने बताया कि कोर्ट ने विवेचक के प्रार्थना पत्र को मंजूरी देते हुए चार नवंबर को आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को तलब किया है, वहीं पालिकाध्यक्ष के पति की गिरफ्तारी के प्रार्थना पत्र पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

संबंधित समाचार