पीलीभीत: मैगी चावल खाने के बाद बिगड़ी परिवार के छह लोगों की हालत, एक की मौत...दूसरे की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

demo image

पूरनपुर, अमृत विचार। मैगी में चावल मिलाकर खाने के बाद एक परिवार के छह लोगों की हालत बिगड़ गई। तीसरे दिन एक बालक की मौत हो गई। अन्य लोगों को उपचार के लिए पूरनपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एक अन्य बालक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
         
कोतवाली क्षेत्र के गांव राहुल नगर चंदिया हजारा के मनिराज की बेटी सीमा की शादी देहरादून में हुई है। करीब एक माह पूर्व सीमा अपने बेटे रोहन, विवेक और बेटी संध्या के साथ मायके आ गई थी। इसके बाद से मायके में ही रुकी है। गुरुवार शाम मनिराज के घर में मैगी चावल बने थे। सीमा और उसके बच्चों के अलावा बहन संजू, भाभी संजना पत्नी जितेंद्र ने भी मैगी चावल खाए। 

उसी रात सीमा पत्नी सोनू, उसके बेटे रोहन, विवेक, बेटी संध्या, संजना पत्नी जितेंद्र, संजू पुत्री मुनिराज की हालत बिगड़ गई। शुक्रवार सुबह  गांव के ही क्लीनिक में सभी को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। हालत में सुधार होने पर वह घर लौट गए। शुक्रवार रात फिर सभी की हालत बिगड़ने लगी। उलझन के साथ उन्हें दस्त शुरू हो गए। शनिवार सुबह रोहन (12) पुत्र सोनू की मौत हो गई। इससे अन्य लोग घबरा गए। सभी को उपचार के लिए पूरनपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। 

सीमा के दूसरे बेटे विवेक की हालत में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। एक साथ परिवार के सभी लोगों के बीमार होने से खलबली मच गई। सीएचसी के डॉ.राशिद ने बताया कि बीमार हुए सभी लोगों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण हैं। उनका उपचार किया जा रहा है।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: बदला मौसम...बारिश ने भीषण गर्मी से दी राहत, सड़कों पर जलभराव और कीचड़ से हुई आफत

 

 

संबंधित समाचार