Hamirpur: महिला थाने में धूमधाम से पुलिस ने कराई शादी; रिश्ता तय कराने वाले मध्यस्थ ने डाली थी दोनों पक्षों में फूट
हमीरपुर, अमृत विचार। रिश्ता तय कराने वाले मध्यस्थ ने ही दोनों परिवारों में फांस डाल दी। तो शादी रुक जाने पर युवती के परिजनों ने महिला थाने में लड़के पक्ष के लोगों द्वारा बारात लेकर नहीं आने की शिकायत की। जिस पर सक्रिय हुई पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया और शादी संपन्न करा दी। इस शादी में पुलिस कर्मी भी गवाह बने। टूट चुकी शादी को अमलीजामा पहनाए जाने में विधिक सेवा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
शहर का महिला थाना शनिवार को ढोल नगाड़ों से गूंज उठा। जब यहां शादी से पहले ही टूट चुके रिश्ते एक बार फिर राज़ी खुशी से शादी करने को तैयार हो गए। थाना कुरारा कै नैठी गांव निवासी अंकिता के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी कि उन्होंने बेटी की शादी जनपद कानपुर नगर के थाना घाटमपुर के परसेढ़ा गांव निवासी राघवेंद्र कुमार के साथ तय की, ओली की रस्म भी हो चुकी थी, लेकिन अचानक उनको संदेश मिला कि वर पक्ष बारात लेकर नहीं आएगा।
इसी बात को लेकर परेशान हैं। तहरीर मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। वर पक्ष को भी थाने में तलब किया तो पता चला की दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय कराने वाला ही कुछ गलत फहमियां पैदा करके इस रिश्ते को खत्म करना चाहता था। तय हो चुकी शादी में आई खटास को दूर कर शादी संपन्न कराई जाए। इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दोनों परिवारों के बीच आई खटास को दूर कराते हुए शादी के लिए राजी कर लिया। विधिक सेवा प्राधिकरण में पीएलवी छाया प्रजापति ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच संबंध तय कराने वाले मध्यस्थ ने ही भ्रमित कर गलतफहमियां पैदा कर दी थीं। गलतफहमियां दूर होते महिला थाने में दूल्हा दुल्हन ने फेरे लिए। शादी संपन्न होने पर दूल्हा दुल्हन को साथ ले गया।
