प्रतापगढ़ में गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा आज, समर्थकों में उत्साह
प्रतापगढ़/कुण्डा अमृत विचार। कौशाम्बी और प्रतापगढ़ लोकसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी पारा चढ़ गया है। 12 मई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा हीरागंज के मां नायर देवी धाम परिसर में होगी। भीड़ जुटाने के लिए बीते दो दिनों से कार्यकर्ता जी-जान से जुटे हैं,उनमें जनसभा को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा है। एकजुट कार्यकर्ता अपनी ताकत दिखाएंगे। सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी व सांसद विनोद सोनकर के समर्थन के लिए दिल्ली सांसद व भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने भी मां नायर देवी धाम पर जनसभा को संबोधित किया था। मां नायर देवी धाम कुंडा तहसील क्षेत्र के लिए एक सिद्धपीठ धाम है। इसलिए यहां पर होने वाली जनसभा का अलग ही महत्व रहता है। आज होने वाली केंद्रीय गृहमंत्री की जनसभा के लिए हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक की तैयारी पूर्ण हो गई है। अमित शाह वाराणसी से सीधे मां नायर देवी धाम पर करीब साढ़े ग्यारह बजे पहुंचेंगे। जनसभा को सम्बोधित करने के बाद रायबरेली के लिए रवाना हो जाएंगे। कौशाम्बी से भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र पाण्डेय ने बताया कि सभी तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। कार्यक्रम में कुण्डा,बाबागंज के अलावा कौशाम्बी लोकसभा के अन्य विधानसभाओं के लोग भी शामिल होंगे।
अमित शाह के साथ मंच साझा नहीं करेंगे राजा भैया
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष व कुण्डा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को गृहमंत्री अमित शाह के साथ मंच साझा नहीं करेंगें। राजा भैया 12 मई को गृहमंत्री अमित के मंच पर नहीं दिखेंगे। बंगलुरु में अमित शाह और राजा भैया की मुलाकात के बाद लोग यह अनुमान लगा रहे थे कि राजा भैया,गृहमंत्री की जनसभा में शामिल हो सकते हैं। पार्टी सूत्रों की माने तो राजा भैया कुण्डा से बाहर हैं,वह कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।

डीएम,एसपी ने जनसभा स्थल का लिया जायजा
मां नायर देवी धाम हीरागंज परिसर में आज गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा है। इससे पहले जिलाधिकारी संजीव रंजन,पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल,सीडीओ नवनीत सेहारा,एएसपी संजय राय के साथ जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। हेलीपैड, यातायात व अन्य सुरक्षा सम्बंधित व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता,एसओ महेशगंज श्रवण सिंह समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -गाजीपुर में चुनाव ड्यूटी में लगे 8 अधिकारियों पर एफआईआर, बिना बताए ड्यूटी से मिले गायब
