Unnao News: चुनाव बहिष्कार की घुड़की आई काम, बंद कराया गया पोल्टी फार्म हाउस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसडीएम के नेतृत्व में पहुंची टीम ने फार्म हाउस की बिजली कटवाई

उन्नाव, अमृत विचार। कई वर्षों से दुर्गंध की मार झेल रहे ग्रामीणों द्वारा चुनाव बहिष्कार करने की सूचना पर हसनगंज तहसील की पांच सदस्यीय टीम एसडीएम के नेतृत्व में रुदवारा पोल्ट्री फार्म हाउस पहुंची और वहां का विद्युत कनेक्शन काटा गया। इसके बाद टीम ने संचालक को फार्म हाउस आबादी से दूर संचालित करने के आदेश दिए। साथ ही साथ एसडीएम ने ग्रामीणों की नाराजगी दूर करने का भी प्रयास किया। इसके बाद एसडीएम टीम समेत लौट गए।  

सोहरामऊ अंतर्गत तहसील क्षेत्र के रुदवारा गांव में करीब एक माह पूर्व ग्रामीणों ने आगामी लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का बोर्ड लगा नाराजगी जताई थी। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में संचालित अमन पोल्ट्री फार्म के वेस्टेज के कारण आसपास के आधा दर्जन गांव में मक्खियों को आंतक है। जिससें दिनरात मक्खियों से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है।

ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत डीएम से लेकर शासन तक की। लेकिन जांच के अलावा कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आगामी 13 मई को लोकसभा का चुनाव है। चुनावी दौर में ग्रामीणों ने आपदा को अवसर में बदलने की ठानी और लोकसभा चुनाव बहिष्कार का बोर्ड लगा दिया। इस सूचना पर प्रशासन लगातार ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करता रहा लेकिन, ग्रामीण फार्म हाउस बंद होने पर मतदान करने की जिद पर अड़े रहे।

इस पर एसडीएम हिमांशु गुप्ता नायब तहसीलदार अमित के साथ रुदवारा गांव पहुंचे। जहां टीम ने फार्म हाउस का विद्युत कनेक्शन काटा और संचालक को डीएम के आदेश का हवाला देते हुए फार्म हाउस को आबादी से दूर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों की नाराजगी दूर करने का प्रयास किया। लेकिन, ग्रामीणों का कहना था कि जब तक फार्म हाउस हटेगा नहीं तब तक वे नहीं मानेगें। इस पर ग्रामीणों को आश्वासन देकर टीम लौट गई।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav 2024: उन्नाव में थम गया प्रचार-प्रसार...अब मतदान की तैयारी

संबंधित समाचार