रफ्तार का कहर : लकड़ी कारीगर को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौत
गुस्साएं परिजनों के साथ ग्रामीणों ने किया रोड जाम, एसडीएम व सीओ ने समझाकर पीएम को भेजा शव
गोसाईगंज, सुलतानपुर, अमृत विचारः थाना क्षेत्र में कस्बे के पास पैदल बाइक बनवाने जा रहे लकड़ी कारीगर को अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को गोसाईगंज बाजार में लखनऊ बलिया राजमार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। सीओ प्रशांत सिंह व एसडीएम ने परिजनों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तहरीर के आधार पर केस दर्जकर पुलिस जांच में जुटी है।
गोसाईंगंज थानाक्षेत्र स्थित फतेहपुर संगत निवासी तुलसीराम (45) पुत्र झलमाली बरौंसा बाजार में एक दुकान पर लकड़ी कारीगर का कार्य करता था। वह रविवार सुबह खराब बाइक को बनवाने पैदल गोसाईंगंज बाजार जा रहा था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह फतेहपुर संगत रोड पर एक मिल के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने तुलसीराम को रौंद दिया। इससे उसकी घटना स्थल पर मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस और परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने से मना कर दिया। थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने परिजनों को समझा बुझाकर मामला शांत करवाया। इसके बाद पुलिस ने वाहन स्वामी को घर से हिरासत में ले लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए लेकर जा रही थी कि गोसाईंगंज कस्बे में परिजनों ने वाहन को रोक लिया। शव को सड़क पर रखकर परिजनों ने रोड जाम कर दिया। परिजनों का कहना था कि आरोपी को घटना स्थल पर लाया जाए।
सूचना पर सीओ प्रशांत सिंह, एसडीएम विपिन द्विवेदी मौके पर गए। अधिकारियों के समझाने के बाद परिजन मान गए। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। लखनऊ बलिया राजमार्ग पर करीब आधा घंटा आवागमन बाधित रहा। मृतक अपने पीछे पत्नी राजकुमारी, पुत्र मोनू और अंकित को छोड़ गया है।
थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन स्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
