Chitrakoot: तालाब में नहाने गए दो भाइयों की डूबकर मौत; परिजनों में मचा हाहाकार
चित्रकूट (मऊ/रामनगर), अमृत विचार। पड़ोसी बच्चों के साथ रविवार को तालाब में नहाने गए दो मासूम डूब गए। काफी देर बाद जानकारी होने पर घरवाले इनको निकालकर अस्पताल भागे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक बच्चा दो बहनों का इकलौता भाई है। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे।
जानकारी के मुताबिक, मऊ थानांतर्गत पिपरौंद निवासी बालगोविंद का बेटा सनी पांडेय (12) पुत्र बालगोविंद अपने हमउम्र फुफेरे भाई छोटू मिश्रा पुत्र दिनेश मिश्रा निवासी सालिगपुर, राजापुर व अन्य बच्चों के साथ रविवार की सुबह लगभग नौ बजे गांव के पास जोरवा तालाब में नहाने गया था।
नहाते समय सनी और छोटू गहराई में चले गए और डूब गए। काफी देर बाद उनको पानी से निकालकर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जिंदगी की आस में परिजन बच्चों को शिवराजपुर एक निजी अस्पताल भी ले गए पर वहां भी निराशा हाथ लगी। बच्चों की मौत से घर में रोना-पीटना मच गया। मऊ थाना प्रभारी अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि परिजन बच्चों को मृत अवस्था में लाए थे।
दोनों बच्चों को लेकर वे जिंदगी की आस में दूसरे अस्पताल गए हैं। बताया कि लौटने पर पोस्टमार्टम व अन्य कार्रवाई की जाएगी। सनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असामयिक मौत से मां सरोज देवी और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सनी लालता रोड स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा छह में पढ़ता था। उधर, छोटू गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। वह दो भाइयों में छोटा था।
