लखीमपुर खीरी: किशोरी का खेत में पेड़ से लटकता मिला शव, परिवार में कोहराम...जांच में जुटी पुलिस
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना पसगवां क्षेत्र के गांव गोविंदापुर में एक 16 वर्षीय किशोरी का शव रविवार को पेड़ में लटका देखे जाने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिजन शव देख कर विलख पड़े। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।
गांव गोविंदापुर के ग्रामीण रविवार की दोपहर करीब एक बजे खेतों की तरफ गए थे। इसी बीच उनकी नजर खेत में लगे एक पेड़ से लटक रही किशोरी के शव पर पड़ी। इससे उनमें हड़कंप मच गया। शव लटका होने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। शव की शिनाख्त गांव के ही रमेश पासी की पुत्री शिका के रूप में हुई।
ग्रामीणों की सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उसका शव देख उनमें चीख पुकार मच गई। परिवार वालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया है। वह आत्महत्या की वजह भी नहीं बता पा रहे हैं। जंगबहादुरगंज चौकी प्रभारी राहुल सिंघल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह पता चल सकेगी।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी: भारत-नेपाल सीमा से पांच किमी पहले ही रोक दिए गए यात्री और वाहन, आवागमन बंद होने से परेशान
