रामपुर: मुंबई एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी में फिर पकड़े गए टांडा के चार युवक, दुबई से पेट में छिपाकर लाए थे सोना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

demo

टांडा,अमृत विचार: सोना तस्करी के मामले में मुंबई एअरपोर्ट पर टांडा के चार लोगों को पकड़ लिया गया है। टांडा के तस्कर दुबई से सोना पेट में छिपाकर लाए थे। चेकिंग के दौरान कस्टम अधिकारियों के हत्थे चढ़ गए। जिससे टांडा में अफरा-तफरी मच गई है। नगर के कई लोगों के पुलिस के हत्थे चढ़ने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दिए जाने के बावजूद खाड़ी देशों से सोना तस्करी का धंधा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। 

नगर के कई दर्जन लोग जल्दी मालदार होने  के लिए सोने की तस्करी का धंधा तेजी के साथ कर रहे हैं। कुछ बड़े लोगों ने आपस में मिलकर ग्रुप बना लिया है और वे नगर के मजदूर वर्ग के लोगों विशेषकर बेरोजगार युवाओं को अपने खर्च पर उमराह करने के बहाने सऊदी अरब भेजते हैं। उधर से उनसे पेट में या अन्य तरीके से छुपाकर सोना मंगाते हैं। 

पहले यह धंधा कुछ लोगों द्वारा सऊदी अरब तक ही सीमित था। बाद में धीरे-धीरे इसका क्षेत्र बढ़ता गया। सऊदी अरब व दुबई सहित कई देशों से सोने की तस्करी होने लगी। देखते ही देखते इस धंधे में नगर के कई दर्जन लोग शामिल हो गए। एक अप्रैल को नगर के तीन दर्जन लोग लखनऊ एअरपोर्ट पर पकड़े गए थे,जो पेट में छुपाकर खाड़ी देशों से सोना तस्करी कर लाए थे। 29 लोग कस्टम अधिकारियों से साजबाज के चलते उनकी कस्टडी से फरार हो गए थे। 

इस सिलसिले में कस्टम निदेशक के आदेश पर 29 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के साथ ही कुछ कस्टम अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध मानते हुए उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई कर दी थी। इसके अलावा 28 अप्रैल की रात्रि में बरेली के मीरगंज क्षेत्र में स्थानीय सोना तस्करों के साथ लूट की घटना घटित हुई। जिसमें एक किलो से अधिक सोना लूटा गया था। 

अमृत विचार के 30 अप्रैल के अंक में कार सवारों ने एक किलो 300 ग्राम सोना लूटा शीर्षक से पृष्ठ संख्या पांच पर खबर छपी थी। इस घटना की बाबत कोई अधिकारी मुहं खोलने को तैयार नहीं था। अखबार में खबर प्रकाशित होने के पश्चात घटना का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस और एसओजी टीम ने खुफिया तौर पर धरपकड़ अभियान चलाया था। जिसका खुलासा पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने 10 मई को किया था। लूट की घटना में सीआरपीएफ का एक हवलदार भी शामिल था। अब टांडा में फिर से चर्चा है कि शनिवार को नगर के चार लोग मुंबई एअरपोर्ट पर तस्करी के सोने के साथ पकड़े गए हैं। जोकि पेट में छिपाकर सोना ला रहे थे। 

टांडा में तेजी के साथ फल-फूल रहा सिगरेट का धंधा 
टांडा में सोना तस्करी के बाद अब सिगरेट का धंधा भी खूब फल-फूल रहा है। विदेशों से सिगरेट  टैक्स  चोरी करके लाया जाता है और दिल्ली में उसे बेच दिया जाता है। सिगरेट लाने का मामला भी चर्चा में बना हुआ है। सूत्रों का कहना है कि सोने की तस्करी के अलावा  नगर के लोग मणिपुर की राजधानी से टैक्स की चोरी कर सिगरेट लाने के  धंधे को भी अंजाम दे रहे हैं। इन लोगों ने ट्रक के केबिन के जस्ट पीछे एक बॉक्स बनवा रखा है। जिसमें छिपाकर यह लोग मेघालय व मणिपुर आदि जगहों से सिगरेट ला रहे हैं।जिसे बाद में दिल्ली में बेच दिया जाता है।

शनिवार को मुंबई में पकड़े गए टांडा के चार सोना तस्करों के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। इसके अलावा तस्करी कर लाए सोना लूटकांड के वादी तारिक को बुलाकर मामले की विवेचना में प्रगति के लिए उससे आवश्यक पूछताछ किया जाना जरूरी है-  कीर्तिनिधि आनंद,सीओ टांडा

ये भी पढ़ें- बदायूं: पति से विवाद के बाद सास को पीटा, घर में की तोड़फोड़...कार्रवाई की मांग

संबंधित समाचार