हरदोई में कई दशक से उपेक्षित जर्जर संपर्क मार्ग न बनने से ग्रामीणों ने किया चुनाव बहिष्कार
कछौना/हरदोई, अमृत विचार। कई दशक से हथौड़ा से त्योना कलां संपर्क मार्ग गड्ढायुक्त पड़ा हुआ है। मार्ग पैदल तक चलने लायक नहीं बचा है। ग्रामीणों द्वारा सैकड़ो बार शासन प्रशासन से गुहार के बाद भी इस सड़क का निर्माण कार्य नहीं हो सका है। इसके कारण ग्रामीणों को काफी असुविधाएं होती हैं। इस मार्ग से कई बार दुर्घटनाएं भी घट चुकी हैं। इसी आक्रोश को लेकर ग्रामीणों ने लालताखेड़ा बूथ पर मतदान का सोमवार को ग्रामीणों ने बहिष्कार कर दिया। स्थानीय जनप्रतिनिधि व सेक्टर संयोजक सेक्टर मजिस्ट्रेट के ग्रामीणों को समझाने के बाद ग्रामीणों ने मतदान करना स्वीकार किया। लगभग 2 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू की गई।
बताते चलें कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 13 संसदीय सीटों पर सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखने को मिल रहीं हैं। वहीं निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर 3 बजे तक सीतापुर में 52.87 प्रतिशत, शाहजांहपुर में 44.21 प्रतिशत, खीरी में 53.87 प्रतिशत, धौरहरा में 54.05 प्रतिशत, हरदोई में 47.99 प्रतिशत, मिश्रिख (सु) में 47.01 प्रतिशत, उन्नाव में 46.56 प्रतिशत, फर्रुखाबाद में 49.17 प्रतिशत, इटावा (सु) में 46.19 प्रतिशत, कन्नौज में 51.73 प्रतिशत, कानपुर में 41.44 प्रतिशत, अकबरपुर में 46.36 प्रतिशत और बहराइच में 49.10 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके साथ ही ददरौल विधानसभा के उपचुनाव में 47.58 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं यूपी में अब तक कुल 48.41 फीसदी लोगों ने वोट डाला है।
